एमसीएल में 667 पदों पर निकली वैकेंसी, 16 मार्च से आवेदन, जानें योग्यता और सैलरी
नई दिल्ली, 21 फरवरी (आईएएनएस)। देश के लाखों युवाओं का सपना सरकारी नौकरी करने का होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए कोल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनी महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) ने 667 पदों पर भर्ती के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है.
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 मार्च को सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 6 अप्रैल को रात 11.50 बजे तक निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं।
महानदी कोलफील्ड्स की ओर से जिन पदों पर वैकेंसी निकाली गई ह, उनमें, जेआर. ओवरमैन, टी एंड एस ग्रेड-सी के 192, माइनिंग सरदार टी एंड एस ग्रेड-सी के 448, सर्वेयर, टी एंड एस ग्रेड-बी के 24, ट्रांसलेटर (टीआर) ओएल क्लर्कियल ग्रेड-III के 1 और तकनीशियन (पैथोलॉजी) टीआर.टी एंड एस ग्रेड-सी के 2 पद शामिल हैं।
उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार माइनिंग इंजीनियरिंग में डिप्लोमा/डिग्री, हिंदी और अंग्रेजी के साथ बी.ए. और पैथोलॉजी में डिप्लोमा होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता भी होनी चाहिए।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु 30 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 6 अप्रैल 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग से आने वाले अभ्यर्थियों को उनके वर्ग के आधार पर नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
एमसीएल की ओर से योग्य अभ्यर्थी का चयन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा। आवेदन के लिए जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 1,180 रुपए शुल्क के रूप में ऑनलाइन भुगतान करना होगा। वहीं, एससी / एसटी / दिव्यांग / एक्स-सर्विसमैन / महिला उम्मीदवार / कोल इंडिया लिमिटेड के कर्मचारी को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है। चयनित उम्मीदवारों की सैलरी 41,966.51 से 51,103.12 रुपए प्रति महीने होगी।
--आईएएनएस
दीपा मिश्रा/वीसी