महान विभूतियों की जन्मस्थलियां बनेंगी 'आदर्श ग्राम', सांसद विवेक ठाकुर ने सीएम का जताया आभार
नवादा, 2 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को महान विभूतियों की जन्मस्थलियों का सर्वेक्षण करने के लिए आभार व्यक्त किया है। भाजपा नेता ने कहा कि बिहार ज्ञान, संस्कृति, आध्यात्म, स्वतंत्रता संग्राम, सामाजिक सुधार और राष्ट्र निर्माण की महान परंपरा का केंद्र रहा है।
दरअसल, भाजपा नेता और नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात के दौरान प्रदेश के सभी महान विभूतियों के स्थली को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए आग्रह किया था।
इस पर मुख्यमंत्री ने बिहार के सभी महान विभूतियों की जन्मस्थलियों का सर्वेक्षण कराने तथा चरणबद्ध तरीके से उन्हें 'आदर्श ग्राम' के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने के लिए निर्देशित किया है। इस पहल के लिए सांसद ने मुख्यमंत्री चौधरी के प्रति आभार प्रकट किया।
सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि बिहार ज्ञान, संस्कृति, आध्यात्मिकता, स्वतंत्रता संग्राम, सामाजिक सुधार और राष्ट्र निर्माण की महान परंपरा का केंद्र रहा है। ऐसे में उन महापुरुषों से जुड़े स्थलों को संरक्षित एवं विकसित करना समय की आवश्यकता है, जिन्होंने अपने विचारों और कार्यों से देश-दुनिया को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि बिहार की नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और महान व्यक्तित्वों से जोड़ने के लिए उनके स्थलों को प्रेरणा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
सांसद विवेक ठाकुर ने विशेष रूप से नवादा लोकसभा के महान विभूतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह लोकसभा भी ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सामाजिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध रहा है। महान स्वतंत्रता सेनानी एवं बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह, जवाहर रजवार इत्यादि की स्मृतियों को संरक्षित कर उसका समग्र विकास किया जाएगा।
सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कुशल नेतृत्व एवं सुशासन के संकल्प से बिहार निश्चित ही विकास, समृद्धि एवं आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित करेगा।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी