×

महाकाल मंदिर में भी हो रही चंदा चोरी, दिग्विजय सिंह के आरोप की जांच हो: राकेश सिन्हा

 

रांची, 4 जुलाई (आईएएनएस)। राम मंदिर चंदा चोरी को लेकर मचे घमासान के बीच मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने यह दावा किया है कि महाकाल के मंदिर में भी चंदा चोरी हो रही है। पूर्व सीएम ने एक के बाद एक कर कई आरोप लगाए। दिग्विजय सिंह के आरोपों पर कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने टिप्पणी की। विभिन्न मामलों पर भाजपा और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की मांग की।

महाकाल मंदिर के चंदे के दुरुपयोग को लेकर दिग्विजय सिंह के आरोपों पर राकेश सिन्हा ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है। यदि दिग्विजय सिंह ने यह आरोप लगाया है, तो उसके पीछे तथ्य हैं। चढ़ावे की चोरी करना, मंदिरों की जमीन पर कब्जा करना, वोटों की चोरी करना और सत्ता की चोरी करना पिछले 12 वर्षों में भाजपा सरकार की कार्यशैली रही है। सरकार लोगों की धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है। दिग्विजय सिंह द्वारा उठाए गए पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए।

राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा और भगवान श्रीराम की मूर्ति के रंग को लेकर उठाए गए सवालों पर राकेश सिन्हा ने कहा कि उस समय कई सनातनी श्रद्धालुओं और अनेक शंकराचार्यों ने भी इस विषय पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट की राजनीति के उद्देश्य से अर्धनिर्मित मंदिर में भगवान श्रीराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई ताकि इसे एक बड़ा राजनीतिक आयोजन बनाया जा सके। जब भगवान श्रीराम की मर्यादा का राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग किया जाएगा तो उसके परिणाम भी सामने आएंगे।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्वा सरमा के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा कि अब असम में ध्रुवीकरण की राजनीति की आवश्यकता नहीं है क्योंकि समस्या पर नियंत्रण कर लिया गया है। राकेश सिन्हा ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा ध्रुवीकरण की राजनीति करती है और चुनाव समाप्त होने के बाद इस मुद्दे पर चुप हो जाती है। उन्होंने दावा किया कि असम में अपराध और भ्रष्टाचार कम नहीं हुए हैं बल्कि दोनों चरम पर हैं।

कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस के अंदरूनी विवाद और पार्टी मुख्यालय पर कब्जे के दावे को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के संरक्षण में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार का आशीर्वाद प्राप्त हो तो किसी भी कार्यालय पर कब्जा किया जा सकता है। इसी संरक्षण के कारण राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी और महाकाल मंदिर की जमीनों से जुड़े विवाद जैसे मामले सामने आ रहे हैं।

राम मंदिर चंदा चोरी मामले में दोषियों पर कार्रवाई को लेकर दत्तात्रेय होसबाले के बयान पर राकेश सिन्हा ने कहा कि सरकार पूरे मामले की लीपापोती कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भ्रष्टाचारियों और कथित चंदा चोरों को बचाने का प्रयास किया जाएगा तो दोषी कैसे सामने आएंगे। यदि निष्पक्ष जांच होगी तभी दोषियों की पहचान हो सकेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सनातनी समाज धैर्य रखता है, लेकिन यदि उसका धैर्य टूट गया तो उसके गंभीर परिणाम होंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के उद्घाटन पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पिछले 12 वर्षों से उद्घाटन और शिलान्यास करते आ रहे हैं, लेकिन असली सवाल निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का है। कई परियोजनाओं में उद्घाटन के कुछ समय बाद ही निर्माण संबंधी खामियां सामने आई हैं। किसी भी परियोजना का मूल्यांकन उसकी गुणवत्ता और टिकाऊपन के आधार पर होना चाहिए।

भारत और पाकिस्तान के बीच वार्ता फिर से शुरू करने संबंधी जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के बयान पर राकेश सिन्हा ने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत होनी चाहिए, लेकिन पाकिस्तान को भी पड़ोसी देश होने के नाते विश्वास और मर्यादा बनाए रखनी होगी। यदि दोनों देशों की ओर से ईमानदारी से मित्रता का प्रयास होगा तो संबंध बेहतर हो सकते हैं, लेकिन यह भी सुनिश्चित होना चाहिए कि भविष्य में विश्वास को ठेस न पहुंचे।

गुजरात एटीएस द्वारा आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आठ आतंकवादियों की गिरफ्तारी पर राकेश सिन्हा ने कार्रवाई का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यदि एटीएस ने आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है, तो यह एक सराहनीय कदम है और इसके लिए गुजरात एटीएस के सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई दी जानी चाहिए।

--आईएएनएस

पीएसके