महागठबंधन को एकजुट रखने में तेजस्वी यादव फेल : राजीव रंजन
पटना, 17 मार्च (आईएएनएस)। बिहार की पांच राज्यसभा सीटों पर एनडीए को मिली जीत पर जदयू नेता राजीव रंजन ने कहा कि यह जीत पहले से ही सुनिश्चित थी। राजद नेता तेजस्वी यादव की अपरिपक्वता के कारण महागठबंधन को राज्यसभा चुनाव में भी मुंह की खानी पड़ी।
जदयू नेता राजीव रंजन ने आईएएनएस से बातचीत में राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर कहा कि देखिए, हम पहले से आश्वस्त थे और लगातार हम लोगों ने कहा था कि हम पांचों की पांचों सीटें जीतेंगे। उनके (विपक्ष) बीच जो अंदर ही अंदर कोहराम मचा हुआ था, उसका अहसास हम लोगों को था। तेजस्वी यादव गठबंधन को एकजुट रख पाने में पूरी तरह से असफल साबित हुए हैं। इस बार के नतीजे साबित करते हैं कि एनडीए मजबूत है और इसका कोई विकल्प नहीं है।
उन्होंने सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर कहा कि नई सरकार को भी उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा। राज्यसभा की गरिमा भी बढ़ेगी। उनके मार्गदर्शन में राज्यसभा भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर कहा कि वे अपने विधायकों को एकजुट नहीं कर पाए। कांग्रेस के विधायकों को वोट देने के लिए एकजुट नहीं कर पाए, यह उनकी कमी है। महागठबंधन कमजोर हो रहा है, तो तेजस्वी यादव और राहुल गांधी को इस पर विचार करना चाहिए।
एलपीजी संकट के बीच भारतीय जहाज 'शिवालिक' के बाद 'नंदा देवी' के भारत पहुंचने पर जदयू नेता ने कहा कि दो जहाजों का आना कहीं न कहीं, जो विपक्ष का लगातार आरोप है, उस पर जोरदार जवाब है। ये साबित करता है कि भारतीय डिप्लोमेसी का जादू पूरी दुनिया पर सिर चढ़कर बोल रहा है और हमारी कोशिशों को पूरी दुनिया देख रही है।
ओडिशा में बीजेडी-कांग्रेस विधायकों की क्रॉस-वोटिंग पर जदयू नेता राजीव रंजन ने कहा कि अब ये पूरे देश में एक लहर है। कभी जो इस देश में कांग्रेस की स्थिति थी, आजादी के बाद के आरंभिक दशकों में जो कांग्रेस का स्थान था, अब पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी और एनडीए परिवार ने इतना विराट आकार ग्रहण किया है कि विभिन्न दलों में जो लोग हैं, उन सबकी निगाहें एनडीए परिवार की तरफ हैं और इसलिए जो ओडिशा में हुआ, वो अप्रत्याशित नहीं है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम