मध्य पूर्व संकट: ईरानी विदेश मंत्री अराघची पहुंचे ओमान
मस्कट/तेहरान, 11 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका के साथ बढ़ती तल्खी और हवाई हमलों के बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची वार्ता के लिए ओमान की राजधानी मस्कट पहुंच गए हैं। वहीं, ईरान की राजधानी तेहरान के पूर्वी हिस्से में शनिवार को जोरदार धमाके की खबर है। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, पाकदश्त और कियामदश्त इलाके के लोगों ने विस्फोट की आवाज सुनने की जानकारी दी है।
धमाके की वजह और सटीक जगह की पुष्टि नहीं हो सकी है। इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम के मुताबिक, मस्कट एयरपोर्ट पर ओमान के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। रिपोर्ट के अनुसार, अराघची की यात्रा का मकसद अमेरिका और ईरान के बीच जारी बातचीत को आगे बढ़ाना है।
इस बीच अमेरिकी हमले में भारी नुकसान का दावा ईरान ने किया है। ईरानी राष्ट्रपति के विज्ञान, प्रौद्योगिकी और ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था मामलों के उपाध्यक्ष हुसैन अफशीन ने कहा कि युद्ध के दौरान देश के शोध बुनियादी ढांचे को लगभग 30 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ है।
ईरानी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, अफशीन ने कहा, "हम देश में उभरती हुई प्रौद्योगिकियों पर काम कर रहे थे, जिनका कोई सैन्य उपयोग नहीं था। दुश्मन ने ईरान की वैज्ञानिक और तकनीकी क्षमता को निशाना बनाया, जिसे अब और मजबूती के साथ फिर से खड़ा किया जाएगा।"
उन्होंने कहा, "हम आज की दुनिया में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक मजबूत शक्ति बनने का प्रयास कर रहे हैं, क्योंकि जो भी देश इस क्षेत्र में निवेश करेगा, वह सफल होगा।"
वहीं, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने दुश्मन की गतिविधियों पर देश के सशस्त्र बलों द्वारा लगातार निगरानी रखे जाने की बात कही।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में कहा, "इस्लामी गणराज्य ईरान के सशस्त्र बलों में मातृभूमि के बहादुर रक्षक, देश के तटों, द्वीपों, सीमाओं और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सतर्क और चौकस निगाहों के साथ दुश्मन की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि ये बल अपनी कार्रवाइयों के माध्यम से "ईरान की सुरक्षा और शांति की रक्षा कर रहे हैं।"
--आईएएनएस
केआर/