×

मध्य प्रदेश: टीकमगढ़ के जिला पंजीयक निलंबित, लापरवाही का आरोप

 

टीकमगढ़, 21 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने और आम लोगों की समस्या को करीब से समझने के लिए शुरू किए गए मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में कई खामियां सामने आ रही है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने टीकमगढ़ प्रवास के दौरान लापरवाही सामने आने पर सहकारिता विभाग के जिला पंजीयक को निलंबित कर दिया है। राज्य में हर शुक्रवार को मुख्यमंत्री सहित मंत्री और अधिकारी विभिन्न इलाकों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव टीकमगढ़ पहुंचे।

मुख्यमंत्री यादव ने जन विश्वास अभियान के अंतर्गत टीकमगढ़ में सीएम हेल्पलाइन के शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कार्य में लापरवाही बरतने पर जिला पंजीयक सहकारिता एसके कौशिक को निलंबित करने के निर्देश दिए। दयाराम लोधी की मां रानीबाई की मृत्यु होने पर सहकारी बैंक की मवई शाखा द्वारा नॉमिनी के खाते में राशि अंतरित नहीं किये जाने की शिकायत पर उक्त कार्रवाई की गई।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा है कि सभी विभागीय अधिकारी सतत रूप से फील्ड भ्रमण कर विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लें। स्थानीय स्तर पर जनता की शिकायतों का समय सीमा में प्रभावी निराकरण किया जाये। क्षेत्र विशेष में मिलने वाली शिकायतों का भी समुचित निराकरण सुनिश्चित हो।

मुख्यमंत्री यादव ने शिकायतकर्ता महेश प्रसाद लोधी, कमलेश नामूलिया, दयाराम लोधी, कालीचरण सिंह राजपूत और हरिराम विश्वकर्मा से संवाद किया और उनके प्रकरणों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री ने आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी, जबकि उत्कृष्ट कार्य पर शासकीय सेवक सम्मानित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री यादव ने मौके पर जिले में विभिन्न शासकीय उचित मूल्य दुकानों के वास्तविक स्थान पर संचालन के लिए आवश्यक कार्रवाई पर भी चर्चा हुई।

--आईएएनएस

एसएनपी/एमएस