×

मध्य प्रदेश: सीहोर में दिल दहला देने वाला हादसा, मासूम समेत दो की दर्दनाक मौत

 

सीहोर, 15 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में सड़क हादसे की दर्दनाक घटना सामने आई है। नेशनल हाईवे-46बी के मिडघाट सेक्शन में ऐसी चीख गूंजी कि हर सुनने वाले का दिल दहला गया। बुधवार तड़के 4 बजे हादसे में दो परिवारों के चिराग बुझ गए।

​सड़क किनारे खड़े खराब डंपर को चालक ठीक करने में जुटा था लेकिन पीछे से आ रहा एक दूसरा ट्रक डंपर में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी गूंज दूर तक सुनाई दी। दिल दहला देने वाले इस हादसे में एक युवक और एक मासूम बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई अन्य लोग इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए, जो जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही बुधनी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।

​एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया एक वाहन खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था और चालक उसे सुधार रहा था, तभी पीछे से आए दूसरे वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इस बेहद दुखद हादसे में एक बच्चे समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हुई है। पुलिस ने केस दर्द कर लिया है और मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।

हाल ही में मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के नेशनल हाईवे 43 पर भीषण सड़क हादसा हुआ था। उमरिया कोतवाली क्षेत्र के भरौला गांव के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और 3 वर्षीय मासूम समेत 4 की मौत हो गई थी।

कार अनूपपुर जिले से अमरकंटक की ओर जा रही थी। भरौला के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे हाईवे किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। मृतकों में दो महिलाएं, एक पुरुष और एक तीन वर्षीय बच्चा शामिल था।

हादसे की सूचना मिलते ही उमरिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची थी और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को निकाला था। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी थी। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े ट्रक को हादसे का कारण माना जा रहा था।

--आईएएनएस

एसडी/पीएम