मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने हरदीप सिंह पुरी को बनाया उम्मीदवार
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय चुनाव समिति ने मध्य प्रदेश में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के नाम पर मुहर लगा दी है। पार्टी ने बुधवार को उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की।
मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर उपचुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने कार्यक्रम घोषित कर दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यदि मतदान की आवश्यकता हुई तो 12 नवंबर 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद मतगणना होगी।
उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 26 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 2 नवंबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 3 नवंबर को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 5 नवंबर निर्धारित की गई है।
इस उपचुनाव में मध्य प्रदेश विधानसभा के विधायक राज्यसभा सदस्य का चुनाव करेंगे। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्र विधानसभा भवन, भोपाल स्थित रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।
दरअसल, डॉ. एल. मुरुगन अप्रैल 2024 में मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। उन्होंने 14 अक्टूबर 2026 को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल 3 अप्रैल 2030 तक था। उनके इस्तीफे के बाद रिक्त हुई सीट पर अब उपचुनाव कराया जा रहा है।
उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश विधानसभा के अपर सचिव उमेश शर्मा को रिटर्निंग ऑफिसर और अपर सचिव मयंक वर्मा को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया है। विधानसभा भवन स्थित समिति कक्ष संख्या दो (एम-2) को निर्वाचन कार्यालय के लिए अधिकृत किया गया है।
भाजपा ने भी इस उपचुनाव को लेकर अपनी तैयारी शुरू कर दी थी। पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई थी। अब केंद्रीय चुनाव समिति ने हरदीप सिंह पुरी के नाम को मंजूरी देकर उम्मीदवार के नाम पर स्थिति स्पष्ट कर दी है।
--आईएएनएस
डीएससी