मध्य प्रदेश: रीवा में जच्चा-बच्चा की मौत पर 4 अधिकारी सस्पेंड, जांच समिति गठित
भोपाल, 28 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के गांधी स्मारक चिकित्सालय में महिला और गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बड़ी कार्रवाई की है। अस्पताल के चार अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है और जांच समिति बनाई गई है।
दरअसल, कल्पना मिश्रा को गांधी स्मारक चिकित्सालय, रीवा के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में 26 अगस्त को भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उसी दिन रात्रि में उनकी एवं उनके गर्भस्थ शिशु की मृत्यु हो गई। वहीं महिला के परिजनों ने अस्पताल के कर्मचारियों पर दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया है।
उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा है कि मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार और निर्धारित चिकित्सकीय प्रोटोकॉल का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर तथ्यों के अनुरूप कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुधारात्मक प्रावधान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया है कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ चिकित्सकों की जांच समिति गठित की गई है। ड्यूटी चिकित्सक डॉ. सोनल अग्रवाल, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग तथा डॉ. निधि पाण्डेय, निश्चेतना विभाग को प्रथम दृष्टया कार्य के प्रति घोर लापरवाही एवं गंभीर अनुशासनहीनता के आधार पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
नर्सिंग ऑफिसरों के संबंध में प्राप्त दुर्व्यवहार की शिकायत के आधार पर निलंबन की कारवाई की गई है। परिजनों की मांग पर मृतिका एवं उनके गर्भस्थ शिशु का शव परीक्षण जिला चिकित्सालय एवं चिकित्सा महाविद्यालय, रीवा की संयुक्त टीम द्वारा किया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद दोनों शवों को शव वाहन के माध्यम से उनके गृह ग्राम पहुंचाया गया।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीएससी