×

मध्य प्रदेश में विश्व आदिवासी दिवस पर सार्वजनिक अवकाश हो: कांग्रेस

 

भोपाल, 31 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के आदिवासियों से जुड़ी समस्याओं को लेकर कांग्रेस के विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की। साथ ही विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर नौ अगस्त को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने की भी मांग की है।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की और उन्हें दो ज्ञापन भी दिए। इनमें से एक ज्ञापन में विश्व आदिवासी दिवस को लेकर था, जिसमें मांग की गई है कि विश्व आदिवासी दिवस 9 अगस्त को मध्य प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए।

इस ज्ञापन में कहा गया है कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराओं, इतिहास, भाषा, प्रकृति संरक्षण में उनके योगदान तथा उनके संवैधानिक अधिकारों के सम्मान का प्रतीक है। राज्य में बड़ी संख्या में आदिवासी निवासरत हैं जो सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाते हैं। ऐसे में विश्व आदिवासी दिवस पर सार्वजनिक आवास अवकाश घोषित किया जाना चाहिए। साथ ही इस मौके पर राज्य भर में सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

कांग्रेस विधायकों के प्रतिनिधिमंडल में एक अन्य ज्ञापन में शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का जिक्र किया गया है, जिसमें कहा गया है कि शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कौशल विकास की गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं का अधिकार आदिवासियों को है, इसलिए आदिवासी अंचल में संचालित शासकीय आईटीआई, आदिवासी छात्रावास और स्वास्थ्य केंद्र केवल सरकारी संस्थान नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तिकरण के आधार स्तंभ हैं।

इस ज्ञापन में संस्थाओं को निजी संस्थानों, कंपनी, ट्रस्ट अथवा एजेंसियों को सौंपे जाने पर आपत्ति जताई गई है और कहा गया है कि इससे गरीब एवं दूरस्थ क्षेत्र में रहने वाले आदिवासी विद्यार्थियों, युवाओं और परिवारों के हित प्रभावित हो सकते हैं, इसलिए इन संस्थाओं का संचालन सरकार के प्रत्यक्ष नियंत्रण एवं जवाबदेही के अंतर्गत ही करना जनहित और आदिवासी हित में होगा।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी