मध्य प्रदेश में राज्यसभा के लिए नामांकन भरने का सिलसिला शुरू
भोपाल, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट के लिए होने वाले उप चुनाव के लिए नामांकन भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार को पहले दिन एक दिन भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ। मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए रिक्त हुए एक स्थान की पूर्ति के लिए उप चुनाव की अधिसूचना निर्वाचन आयोग द्वारा सोमवार को जारी कर दी गई है।
अधिसूचना जारी होने के साथ ही उक्त एक रिक्त स्थान की पूर्ति के लिए नामांकन की प्रक्रिया आंरभ हो गई। आयोग द्वारा इस उप निर्वाचन के लिए मध्यप्रदेश विधान सभा के अपर सचिव उमेश शर्मा को रिटर्निंग ऑफिसर एवं अपर सचिव मयंक वर्मा को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
विधान सभा भवन, भोपाल स्थित समिति कक्ष क्रमांक - दो (एम दो) को निर्वाचन कार्यालय हेतु अधिकृत किया गया है।
दरअसल, अप्रैल 2024 में राज्यसभा के लिए निर्वाचित डॉ. एल. मुरुगन द्वारा 14 अक्टूबर को 2026 राज्यसभा की सदस्यता से त्यागपत्र देने के कारण उक्त स्थान रिक्त हुआ है। डॉ मुरुगन का कार्यकाल तीन अप्रैल 2030 तक था। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार चुनाव हेतु नामांकन पत्र 26 अक्टूबर 2026 से दो नवंबर 2026 तक प्रतिदिन अवकाश के दिन को छोड़कर पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन मध्य प्रदेश विधान सभा भवन, स्थित कार्यालय रिटर्निंग ऑफिसर, राज्यसभा उप निर्वाचन, 2026 समिति कक्ष क्रमांक दो में जमा किए जा सकेंगे।
नाम-निर्देशन पत्रों की जांच तीन नवंबर को अपराह्न दो बजे समिति कक्ष क्रमांक दो (एम दो) में की जाएगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि पांच नवंबर को अपराह्न तीन बजे निर्धारित की गई है। यदि आवश्यक हुआ तो 12 नवंबर, 2026 को प्रातः नौ बजे से अपराह्न चार बजे तक मतदान होगा तत्पश्चात मतगणना संपन्न होगी।
राज्यसभा के उपचुनाव के लिए भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को कोर कमेटी की बैठक हुई और इस बैठक में संभावित नाम की चर्चा हुई। संभावित नाम की सूची पार्टी को भेजी जा रही है।
--आईएएनएस
एसएनपी/एमएस