मध्य प्रदेश में किसान कल्याण क्विज के 165 विजेता चुने गए, 55 किसानों को मिलेंगे ट्रैक्टर
भोपाल, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में मंगलवार को ‘किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व’ राज्यस्तरीय इनामी क्विज प्रतियोगिता के 165 विजेता किसानों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया गया। यह कार्यक्रम संस्कृति विभाग के अंतर्गत वीर भारत न्यास एवं किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग की संयुक्त पहल के तहत किया गया, जिसका उद्देश्यकिसानों के कल्याण, स्वाभिमान और समृद्धि के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना है।
मंगलवार को चयन समिति के माध्यम से लॉटरी निकालकर प्रदेश के 55 जिलों से किसान विजेताओं का चयन किया गया। सभी किसान विजेताओं को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा।
भोपाल में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विजेता किसान संदीप वर्मा को प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रैक्टर, सुहानी राजपूत को द्वितीय पुरस्कार के रूप में बुलेट मोटरसाइकिल और समीर गौड़ को तृतीय पुरस्कार के रूप में ई-स्कूटर प्रदान करेंगे। अन्य जिलों में प्रभारी मंत्रियों द्वारा पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
यह जानकारी मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने दी। उन्होंने कहा कि पुरस्कारों की दृष्टि से यह प्रतियोगिता देश में अपने प्रकार की पहली और सबसे बड़ी पहल है। प्रथम पुरस्कार के रूप में 55 ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 55 बुलेट मोटरसाइकिल, तृतीय पुरस्कार के रूप में 55 ई स्कूटर शामिल है।
श्रीराम तिवारी ने कहा कि किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज एक ऑनलाइन जागरूकता प्रतियोगिता थी, जिसका आयोजन 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक किया गया। इसमें किसानों के कल्याण, कृषि विकास और शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित 24 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों को प्रश्न हल करने के लिए 24 मिनट का समय दिया गया। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक निर्धारित था तथा गलत या अनुत्तरित प्रश्नों के लिए कोई नकारात्मक अंकन नहीं था।
प्रतिभागियों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को मान्य किया गया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में लगभग 40 हजार किसानों ने भाग लिया। इनमें से 15,298 किसान प्रतिभागियों को 24 में से 24 अंक प्राप्त करने के आधार पर तैयार अंतिम मेरिट सूची में शामिल किया गया। मेरिट सूची में 13,091 पुरुष, 2,201 महिला और छह अन्य प्रतिभागी शामिल हैं। आयु वर्ग के अनुसार 108 प्रतिभागी 18 वर्ष तक, 9,408 प्रतिभागी 19 से 40 वर्ष तथा 5,782 प्रतिभागी 40 वर्ष से अधिक आयु के हैं।
राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 55 जिलों के विजेताओं का चयन किया गया। प्रत्येक जिले से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए तीन-तीन विजेताओं का चयन किया गया है। भोपाल जिले में संदीप वर्मा प्रथम, सुहानी राजपूत द्वितीय और समीर गौड़ तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार प्रदेश के अन्य जिलों में भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार द्वितीय एवं तृतीय स्थान के विजेताओं का चयन किया गया है।
विजेताओं के नाम वेबसाइट पर अपलोड किए जा चुके है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश के प्रतिभाओं का सम्मान करते हुए भोपाल जिले के विजेता किसानों को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जायेगा। सभी चयनित विजेताओं को स्थापना दिवस के अवसर पर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव ने कहा कि किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के माध्यम से किसानों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ कृषि विकास और किसान सम्मान को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ऑनलाइन क्विज के जरिए बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने कृषि एवं किसान कल्याण से संबंधित विषयों पर अपनी जानकारी का परीक्षण किया। पूर्ण अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों की जिलेवार मेरिट सूची तैयार करने के बाद चयनित विजेताओं का निर्धारण लॉटरी के माध्यम से किया गया।
इस आयोजन का उद्देश्य किसान कल्याण की भावना को खेत-खेत तक पहुँचाना और किसानों को शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। पुरस्कारों के माध्यम से किसानों के योगदान को सम्मानित करने के साथ कृषि क्षेत्र के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने की पहल की गई है।
उन्होंने बताया कि किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत यह पहल संस्कृति विभाग के अंतर्गत वीर भारत न्यास, संस्कृति संचालनालय और जनसंपर्क विभाग द्वारा किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, संचालनालय कृषि अभियांत्रिकी के सहयोग से आयोजित की गई है।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी