☰
×

मध्य प्रदेश में कांग्रेस की जमीनी लड़ाई की तैयारी, रीवा संभाग की बैठक में हुआ मंथन

 

भोपाल, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में कांग्रेस मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों के खिलाफ जमीनी लड़ाई की तैयारी में जुट गई है। इसी को लेकर विंध्य क्षेत्र के रीवा संभाग के 6 जिलों के पदाधिकारियों की भोपाल में बुधवार को बैठक हुई और उसमें आगामी रणनीति पर मंथन किया गया। दरअसल राहुल गांधी के मध्य प्रदेश के लगातार हुए दो दौरों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर दे रही है और इसी के लिए बैठकों का सिलसिला भी शुरू हो गया है।

राज्य में विधानसभा चुनाव भले दो साल बाद है मगर उससे पहले नगरीय निकाय और पंचायत के चुनाव होने हैं यह चुनाव विधानसभा के चुनाव का सेमीफाइनल माने जाते हैं। लिहाजा कांग्रेस इन चुनाव में अपनी ताकत दिखाना चाहती है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के भोपाल स्थित इंदिरा भवन में रीवा संभाग के अंतर्गत आने वाले रीवा, मैहर, मऊगंज, सतना, सीधी, सिंगरौली जिलों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई इसमें रीवा संभाग के सभी सम्मानित जिला अध्यक्षों, विधानसभा प्रभारियों और जिला प्रभारियों ने भाग लिया और सांगठनिक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की नेतृत्व में हुई इस बैठक में दावा किया गया कि कांग्रेस परिवार पूरी एकजुटता और जोश के साथ जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ने और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। बैठक में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा एवं प्रदेश महासचिव गौरव रघुवंशी की भी उपस्थिति रही। विंध्य वह इलाका है जहां किसी दौर में कांग्रेस बहुत मजबूत हुआ करती थी और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह, गोविंद नारायण सिंह और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह का नाता भी इसी क्षेत्र से है।

पिछले दिनों राहुल गांधी ने इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में हिस्सा लिया तो वहीं बालाघाट में कुपोषण और बीमारियों से बच्चों की हुई मौत के मामले को लेकर पीड़ितों के बीच पहुंचे। राहुल गांधी के इन दौरों से कांग्रेस उत्साहित है और वह जमीनी कार्यकर्ताओं को सक्रिय बनाना चाहती है।

--आईएएनएस

एसएनपी/पीएम