मध्य प्रदेश में कांग्रेस भी बूथ मजबूत करने में जुटी
भोपाल, 25 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने भी बूथ मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में पार्टी का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सतना में चल रहा है।
कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सतना एवं मैहर जिले के ब्लॉक अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों तथा मंडलम अध्यक्षों के लिए दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का सतना में शुरू हुआ। प्रशिक्षण शिविर में संगठन को सशक्त बनाने, जनसरोकारों के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने पर विशेष चर्चा की गई।
प्रशिक्षण शिविर के प्रथम दिवस मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा जनता के बीच कांग्रेस की विचारधारा को प्रभावी ढंग से पहुंचाने की चर्चा करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान मध्यप्रदेश में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा, नई दिशा और मजबूत आधार प्रदान करेगा तथा आने वाले समय में एक सशक्त, संगठित और जनहित के लिए संघर्ष करने वाली कांग्रेस के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पूर्व मंत्री एवं विधायक राजेंद्र सिंह ने संगठनात्मक अनुभव साझा करते हुए जमीनी स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने और बूथ स्तर तक कांग्रेस की सक्रियता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने संगठन विस्तार, मतदाता सूची पुनरीक्षण, प्रभावी संवाद, मीडिया प्रबंधन तथा बूथ स्तर पर कांग्रेस की गतिविधियों को मजबूत करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे तथा संगठन को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
दो दिवसीय यह प्रशिक्षण शिविर संगठनात्मक क्षमता विकास, नेतृत्व निर्माण, बूथ सशक्तिकरण तथा कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक पहल है।
कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि इस प्रशिक्षण से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं की सक्रियता और प्रभावशीलता में वृद्धि होगी।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीकेपी