☰
×

मध्य प्रदेश में चलती कार में आग लगने से चार युवक जिंदा जले, एक की हालत गंभीर

 

धार, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के धार जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां चलती कार में अचानक आग लगने से चार लोगों की जलकर मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सादलपुर थाना क्षेत्र के पास हुआ। घायल युवक को इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, पांच युवक स्विफ्ट कार से सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए गए थे। ये सभी शुक्रवार को घर से निकले थे और रविवार रात दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सादलपुर के पास उनकी कार में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि कार सीएनजी थी, जिसमें आग तेजी से फैल गई और कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

इस हादसे में चार युवकों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय लाया गया।

हादसे में मारे गए युवकों में से एक की पहचान अभिषेक सोलंकी के रूप में हुई है। मृतक के परिजन पंकज सोलंकी ने बताया कि हादसे का शिकार हुआ अभिषेक उनके चाचा का लड़का था। कार में कुल पांच लोग सवार थे। इनमें से तीन युवक सागौर के रहने वाले थे जबकि एक माधवपुरा का था। सभी की उम्र 20 वर्ष के आसपास है। सभी युवक आपस में रिश्तेदार और दोस्त थे।

वहीं, इस मामले में धार के सिविल सर्जन डॉ. मुकुंद बर्मन ने बताया कि जिला चिकित्सालय में चार शव लाए गए हैं, जो पूरी तरह जल चुके हैं जबकि एक 19 वर्षीय युवक 40 प्रतिशत तक झुलसा हुआ है, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हादसा सादलपुर थाना क्षेत्र में हुआ है। कार में सीएनजी होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम