×

मध्य प्रदेश में बहनों को सशक्त बनाने का अभियान जारी : सीएम मोहन यादव

 

झाबुआ 31 जुलाई (आईएएनएस ) मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण का कार्य सरकार और सामाजिक दोनों स्तर पर हो रहा है। बहनों की सार्थक भूमिका से प्रत्येक परिवार में समृद्धि आ रही है। झाबुआ के थांदला में स्व-सहायता समूहों के क्षमतावर्धन एवं ऋण वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि बहनें स्व-सहायता समूहों को नई ताकत दे रही हैं। कृषि, पशुपालन, बैंक, उद्यम सखियां भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। बहनों की सार्थक भूमिका से प्रत्येक परिवार में समृद्धि आ रही है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में नगरीय निकायों और पंचायतों में 50 प्रतिशत स्थान बहनों के लिए आरक्षित है। सरकारी सेवाओं में बहनों के लिए 35 प्रतिशत स्थान आरक्षित रखे गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोकसभा और राज्यसभा में बहनों के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृ्त्व में मध्यप्रदेश तेज गति से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जब लगातार तीन बार पड़ोसी राज्य गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब झाबुआ के आसपास जनजातीय अंचल में विकास के अद्भुत कार्य हुए। पूरी दुनिया गुजरात की शक्ति से परिचित हुई। प्रधानमंत्री मोदी गरीब, किसान, युवा और नारी कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने स्व-सहायता समूहों से जुड़ी बहनों के सशक्तीकरण के लिए 300 करोड़ रुपये के ऋण दिए गए हैं। स्व-सहायता समूहों से बहनों की समृद्धि का मार्ग खुल रहा है। यह आत्मनिर्भरता और समाजिक सशक्तीकरण का एक बड़ा आंदोलन बन रहा है। सहयोग और सहभागिता से समृद्ध होकर बहनें नए रिकॉर्ड बना रही हैं।

--आईएएनएस

एसएनपी/पीएम