मध्य प्रदेश में अवैध शराब तस्करी की सीबीआई जांच हो: जीतू पटवारी
भोपाल, 5 नवंबर (आईएएनएस) । कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अवैध शराब की तस्करी मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच करने की मांग की है। दरअसल, पिछले दिनों देवास जिले में खातेगांव के थाने प्रभारी दिलीप पुरी को अवैध शराब की तस्करी में लगे एक ट्रक ने कुचल दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने गुरुवार को पुरी के निवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान पटवारी ने कहा कि पुरी का असमय निधन अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। पुलिस विभाग के कर्मचारी दिन-रात, 24 घंटे कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। कई बार उन्हें नियमित अवकाश तक नहीं मिल पाता। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करे।
पटवारी ने मुख्यमंत्री (जो प्रदेश के गृह मंत्री भी हैं) से मांग की है कि पुलिस विभाग के तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा पूरी तरह निःशुल्क की जाए। पुलिसकर्मी दिन-रात जनता की सुरक्षा में लगे रहते हैं, ऐसे में उनके परिवारों और बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी सरकार को उठानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराना पुरी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इससे पुलिसकर्मियों पर आर्थिक बोझ कम होगा और उन्हें अपने परिवार की बेहतर परवरिश एवं बच्चों के भविष्य को लेकर राहत मिलेगी।
पटवारी ने प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि गांव-गांव और गली-मोहल्लों में डायरी पर अवैध शराब बेची जा रही है। यह कारोबार बिना प्रशासनिक और राजनीतिक संरक्षण के इतने बड़े स्तर पर संचालित नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि गुजरात में अवैध शराब की सप्लाई और तस्करी के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क की जांच होनी चाहिए। आखिर किन लोगों के संरक्षण में शराब माफिया बेखौफ होकर अपना कारोबार चला रहे हैं? सरकार को इन सवालों का जवाब देना होगा। गुजरात में अवैध शराब की सप्लाई करने वाले माफियाओं, उनके सहयोगियों और उन्हें संरक्षण देने वालों की भूमिका की सीबीआई जांच कराई जाए।
उन्होंने कहा कि शराब माफियाओं को राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण देना तत्काल बंद होना चाहिए। दोषियों और उनके संरक्षकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लग सके।
--आईएएनएस
एसएनपी/एएसएच