×

मध्य प्रदेश में 31 अवैध हथियारों के साथ 10 लोगों को गिरफ्तार

 

भोपाल, 12 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के निर्माण तस्करी और खरीदी बिक्री में शामिल अपराधियों के खिलाफ चलाई गई मुहिम में 31 अवैध हथियारों के साथ 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस से आधिकारिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार बुरहानपुर, खरगोन, सागर एवं इंदौर पुलिस ने अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ मुहिम चलाई हुई है।

बुरहानपुर पुलिस द्वारा थाना खकनार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि साईबाबा स्कूल के पीछे जंगल में पेड़ के नीचे ग्राम खकनार के पास एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर बैठा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 13 हस्तनिर्मित देशी पिस्टल, 01 खाली मैगजीन एवं 45 जिंदा कारतूस, कुल कीमत 3 लाख 72 हजार रुपए तथा हथियारों के परिवहन में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल, कीमत 1 लाख 20 हजार रूपए बरामद की गई। कुल जब्त संपत्ति 4 लाख 72 हजार रुपए है।

खरगोन पुलिस की थाना बिस्टान टीम ने अवैध फायर आर्म्स की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हथियारों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने वाहन की तलाशी के दौरान 10 अवैध देशी पिस्टल बरामद की । पूछताछ में दोनों के पास हथियार रखने संबंधी कोई वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज नहीं था।

पुलिस ने हथियारों के परिवहन में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, कीमत लगभग 15 लाख रुपए जब्त किया। इंदौर पुलिस की थाना राऊ टीम ने अवैध हथियारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार पिस्टल, एक रिवॉल्वर एवं चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसी तरह सागर पुलिस ने थाना कैंट क्षेत्र में अवैध हथियार निर्माण एवं सप्लाई की कड़ी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, एक देशी रिवॉल्वर, एक देशी पिस्टल एवं तीन जिंदा कारतूस बरामद किए है।

--आईएएनएस

एसएनपी/एएमटी