मध्य प्रदेश में इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाने पर बनी सहमति
भोपाल, 9 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में स्टाइपेंड बढ़ाए जाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे इंटर्न डॉक्टरों और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के बीच बातचीत हुई, जिसमें स्टाइपेंड बढ़ाने पर सहमति बन गई है।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को इंटर्न्स, जूडा एवं एमटीए प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रालय में डिप्टी सीएम से मुलाकात की। इस दौरान स्टाइपेंड बढ़ाए जाने सहित अन्य विषयों पर चर्चा हुई। बताया गया कि छात्रों पर बल प्रयोग के मामले में प्रारंभिक रूप से जिम्मेदार पाए गए दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है।
प्रकरण की जांच के लिए टीम गठित की गई है। जांच के आधार पर शीघ्र आगे की कार्रवाई की जाएगी। घायल छात्रों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, इस मुलाकात के दौरान स्टाइपेंड बढ़ाए जाने पर चर्चा हुई और स्टाइपेंड में वृद्धि के प्रस्ताव पर सहमति बनी।
प्रतिनिधिमंडल ने स्टाइपेंड बढ़ाने के संबंध में हुई चर्चा पर संतोष व्यक्त किया। दरअसल, स्टाइपेंड बढ़ाए जाने की मांग को लेकर भोपाल के इंटर्न डॉक्टर 3 दिन से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान पुलिस ने उन पर बल प्रयोग भी किया था, जिससे विरोध और तेज हो गया। बुधवार को तो ओपीडी भी बंद कर दी गई, जिससे मरीजों को भारी परेशानी हुई।
उपमुख्यमंत्री ने बुधवार को इंटर्न डॉक्टर के प्रति मंडल सहित अन्य लोगों से चर्चा की और स्टाइपेंड बढ़ाए जाने पर सहमति बन गई है।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीकेपी