×

मध्य प्रदेश में डॉक्टरों की होगी निगरानी: राजेंद्र शुक्ल

 

भोपाल, 1 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के प्रयास लगातार जारी है और यही कारण है कि राज्य के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने अस्पतालों में चिकित्सकों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मंत्रालय में मंगलवार को लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के विभिन्न विषयों की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने निर्देश दिए कि ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक निर्धारित समय पर उपस्थित रहें, इसे सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निगरानी व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से लागू की जाएं। चिकित्सकों की उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में विभाग में अन्य रिक्त पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई।

उप मुख्यमंत्री ने आवश्यकतानुसार भर्ती प्रक्रिया को गति देने और मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सुखवीर सिंह, आयुक्त धनराजू एस उपस्थित रहे।

दरअसल, राज्य के कई इलाकों से इस तरह की शिकायतें आती रहती हैं कि सरकारी अस्पतालों में चिकित्सा समय पर नहीं पहुंचते, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अभी हाल ही में बालाघाट में बीमारी फैली और बच्चों की मौत हुई। इसी तरह के मामले सतना में भी सामने आए, जिसने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की कमजोरी को सामने ला दिया। सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के प्रयास कर रही है। उसी क्रम में चिकित्सकों पर निगरानी रखे जाने की तैयारी है।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी