मध्य प्रदेश के संगठन की मजबूती के लिए महिलाओं को भाजपा से जोड़े: हेमंत खंडेलवाल
भोपाल, 25 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि महिलाएं सशक्त हो रही हैं और हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। राज्य के संगठन की मजबूती के लिए हर वर्ग की महिलाओं को जोड़ा जाना चाहिए।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय में महिला मोर्चा की बैठक को संबोधित करते हुए खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की संसद और प्रदेशों की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का कानून बनाया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार में महिलाओं को नगरीय निकायों व त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। मध्य प्रदेश में महिलाओं को शासकीय नौकिरयों में आरक्षण दिया जा रहा है।
खंडेलवाल ने सरकारों द्वारा महिलाओं के हित में दिए जा रहे फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थय, सड़क, बिजली, आवास, गैस कनेक्शन, डिजिटल लेन-देन, स्वच्छता और अन्य क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन हुआ है। आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने गरीब परिवारों को इलाज के लिए बड़ी राहत दी है। आज भारत दुनिया में डिजिटल ट्रांजेक्शन के क्षेत्र में अग्रणी देशों में है और स्वच्छता के क्षेत्र में इंदौर ने देश-दुनिया में पहचान बनाई है।
महिलाओं की बढ़ती ताकत को लेकर भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि महिलाएं किसी की दया की पात्र नहीं हैं। उन्हें अपने सम्मान, संयम और क्षमता के साथ आगे बढ़ना है। आज के समय में महिलाओं की भूमिका हर क्षेत्र में बढ़ गई है। प्रशासन से लेकर राजनीति और व्यवसाय तक महिलाओं की प्रभावी भागीदारी दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता प्रत्येक समाज और वर्ग की महिलाओं को पार्टी संगठन से जोड़ने का प्रयास करें। समाज और संगठन की मजबूती तभी होगी, जब हर समाज की महिलाओं का प्रतिनिधित्व और सहभागिता सुनिश्चित होगी। आज की युवा पीढ़ी सवाल करेंगी, क्योंकि उन्होंने वह दौर नहीं देखा, जो हमारी पीढ़ी ने देखा है। हम उनके सवालों का तथ्यों के साथ जवाब देंगे, तो उन्हें देश की विकास यात्रा को समझने में आसानी होगी।
भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों से बनाई गई राखियां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल को सौंपी हैं। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं द्वारा बनाई गई राखियां भाजपा द्वारा देश की रक्षा के लिए सीमा पर तैनात जवानों को राखी भेजी जाएंगी। राखी के साथ पाती भेजकर शहीदों को नमन तथा वीर जवानों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और आत्मीय भाव व्यक्त किया गया है।
--आईएएनएस
एसएनपी/एएसएच