☰
×

मध्य प्रदेश के 4,000 कोरोना योद्धाओं को पुनर्नियोजित किया जाए : सिंघार

 

भोपाल, 21 नवंबर (आईएएनएस) मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कोरोना के दौरान अपनी सेवाएं देने वाले 4000 कोरोना योद्धाओं को पुनर्नियोजित किए जाने की मांग की है। नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर कोविड-19 महामारी के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर प्रदेश की जनता की सेवा करने वाले लगभग 4,000 स्वास्थ्यकर्मियों के पुनर्नियोजन एवं रोजगार की मांग की है।

नेता प्रतिपक्ष ने पत्र में कहा कि कोविड महामारी के कठिन दौर में डॉक्टर, आयुष चिकित्सक, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, एएनएम सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने करीब दो वर्षों तक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं दीं। महामारी के दौरान इन स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना मरीजों की देखभाल की, लेकिन बाद में उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं।

सिंघार ने कहा कि आज यही करीब 4,000 अनुभवी स्वास्थ्यकर्मी अपने रोजगार और भविष्य की मांग को लेकर लगातार भोपाल में कई दिनों से संघर्ष एवं प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर कोविड काल में सेवाएं दे चुके प्रशिक्षित और अनुभवी स्वास्थ्यकर्मी रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन सहित विभिन्न संवर्गों के हजारों पद रिक्त हैं। ऐसे में कोविड काल के अनुभवी स्वास्थ्यकर्मियों की योग्यता और अनुभव का उपयोग करते हुए उनके समायोजन एवं पुनर्नियोजन के लिए सरकार को स्पष्ट और व्यावहारिक नीति बनानी चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से मांग की कि कोविड काल में सेवाएं देने वाले पात्र स्वास्थ्यकर्मियों के अनुभव और योग्यता को ध्यान में रखते हुए उन्हें यथाशीघ्र रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ठोस निर्णय लिया जाए, ताकि लंबे समय से संघर्ष कर रहे इन स्वास्थ्यकर्मियों और उनके परिवारों को राहत मिल सके। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जिन्होंने संकट के समय प्रदेश की जनता की सेवा की, उनके भविष्य की जिम्मेदारी भी सरकार की है। कोविड काल के इन अनुभवी स्वास्थ्यकर्मियों के साथ न्याय करते हुए सरकार को उनके पुनर्नियोजन का रास्ता तत्काल निकालना चाहिए।

--आईएएनएस

एसएनपी/एएस