मध्य एशिया में संकट गहराया तो सीधा असर भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा : सुधाकर सिंह
नई दिल्ली, 29 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि अगर मध्य एशिया में संकट गहराता है तो उसका सीधा असर भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।
आईएएनएस से बातचीत में राजद सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि अगर जंग जारी रहेगी तो इसका असर स्वाभाविक है कि भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। इससे देश में महंगाई बढ़ेगी। फैक्ट्री बंद होगी तो नौकरियां जाएंगी, बेरोजगारी बढ़ेगी। हमारी सरकार को पहल करनी चाहिए। शांति बहाल होगी तो सिर्फ भारत के लिए ही नहीं, बल्कि सभी के लिए अच्छा होगा।
ईरान का जिक्र करते हुए राजद सांसद ने कहा कि यह एक अच्छी बात है। ईरान समझता है कि भारत के 145 करोड़ लोग उसके साथ खड़े हैं, और भारत के लोगों के प्रति उसने जो सद्भावना दिखाई है, उसके लिए ईरान तारीफ का हकदार है। अपनी खुद की चुनौतियों का सामना करते हुए भी, वह भारत के हितों की रक्षा करने और 145 करोड़ लोगों के जीवन को सहारा देने के लिए गैस की आपूर्ति जारी रखे हुए है।
नेपाल के पूर्व पीएम की गिरफ्तारी पर राजद सांसद ने कहा कि यह दुखद है। चुनाव जब भी होते हैं तो नेता चुनाव हारते हैं और जीतते हैं। जनता तय करती है कि कौन से नेता उनके लिए ठीक हैं, कौन से नहीं। नेपाल की नई सरकार को भ्रष्टाचार, शिक्षा, स्वास्थ्य पर काम करने की जररूत है। जिस उद्देश्य के साथ नई सरकार आई है, उस पर ध्यान नहीं दिया गया तो संकट जो सुलझा है, वह और उलझ जाएगा। यह चिंता का विषय है। वहां की नई सरकार काे भ्रष्टाचार ठीक करने का काम करना चाहिए।
बंगाल का जिक्र करते हुए राजद सांसद ने कहा कि चुनाव आयोग तो खुद ही वहां शासन चला रहा है। आज के समय में बंगाल में ममता बनर्जी का कोई शासन नहीं है। डीजीपी और चीफ सेक्रेट्री चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त हैं। फोर्सेज भी चुनाव आयोग के नेतृत्व में काम कर रही हैं, तो फिर किस तरह चुनाव आयोग और भाजपा डरी हुई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर राजद सांसद ने कहा कि क्या वह बताएंगे कि बिहार में भ्रष्टाचार खत्म हो गया है? भाजपा शासित प्रदेशों में भ्रष्टाचार तो खत्म हो जाता है। इन्हें तो दूसरे राज्यों जहां इनकी सरकार नहीं है, वहां ही भ्रष्टाचार नजर आता है। भाजपा की आदत है, पहले वे भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हैं, फिर वॉशिंग मशीन में नेता को भ्रष्टाचार के आरोप से मुक्त करते हैं। कई नेता हैं, जिन पर भाजपा ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, आज वे भाजपा में हैं और बेदाग हैं। भाजपा का यह दोहरा मापदंड देश के सभी नागरिकों को पता है।
राजद सांसद ने कहा कि ईरान-अमेरिका तनाव के कारण उत्पन्न ईंधन संकट ने देशभर में आम जनजीवन, कामकाजी युवाओं, छात्रों और श्रमिकों को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। आवागमन, भोजन और दैनिक जरूरतों में बड़ी कठिनाइयां सामने आ रही हैं।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम