मधुर भंडारकर ने संगीतकार प्रीतम से मिलने के बाद फिल्म दिल तो बच्चा जी के दिनों को किया याद
मुंबई, 1 अगस्त (आईएएनएस)। फिल्ममेकर मधुर भंडारकर ने हाल ही में मशहूर संगीतकार प्रीतम चक्रबोर्ती से मुलाकात की। इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए फिल्ममेकर ने फिल्म 'दिल तो बच्चा है जी' के दिनों को याद किया।
दरअसल, दोनों की मुलाकात मुंबई एयरपोर्ट पर हुई थी, जिसकी तस्वीर मधुर भंडारकर ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर शेयर करते हुए लिखा, "देखो, मुंबई एयरपोर्ट पर मेरी मुलाकात किससे हुई। प्रीतम चक्रबोर्ती से मिलकर फिल्म 'दिल तो बच्चा है जी' में उनके द्वारा बनाए गए गानों की यादें ताजा हो गईं।"
साल 2011 में रिलीज हुई फिल्म 'दिल तो बच्चा है जी' का निर्देशन मधुर भंडार ने ही किया था। रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म में अजय देवगन, इमरान हाशमी और ओमी वैद्य मुख्य भूमिका में थे, जबकि शजान पद्मसी, श्रुति हासन, रितुपर्णा सेनगुप्ता, टिस्का चोपड़ा और श्रद्धा दास सपोर्टिंग रोल में थीं।
फिल्म का संगीत प्रीतम ने तैयार किया था जो काफी लोकप्रिय हुए थे, जिनमें शीर्षक गीत 'दिल तो बच्चा है जी' विशेष रूप से पसंद किया गया था। मोहित चौहान द्वारा गाया गया गाना 'अभी कुछ दिनों से' फिल्म का मुख्य आकर्षण बना, जिसे इसकी ताजगी और सुरीलेपन के लिए सबसे ज्यादा पसंद किया गया। इसके अलावा 'तेरे बिन' (सोनू निगम) और 'जादुगरी' (कुणाल गांजावाला) जैसे गानों को भी श्रोताओं का खूब प्यार मिला।
'दिल तो बच्चा है जी' तीन अलग-अलग उम्र और पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों नरेन, अभय और मिलिंद की प्रेम और उलझनों भरी जिंदगी के बारे में दिखाया गया है, जो
प्यार, रिश्तों और दिल के बहकावे से जुड़ी अपनी-अपनी अजीब और दिलचस्प परिस्थितियों से गुजरते हैं।
इस फिल्म के जरिए निर्देशक ने दिखाया है कि कैसे अलग-अलग विचारों वाले ये तीनों आदमी प्यार के जाल में फंसते हैं और उनके जीवन में हास्य व भावनात्मक उतार-चढ़ाव आते हैं। अंत में सबको समझ आता है कि उम्र चाहे जो भी हो, इंसान का दिल हमेशा बच्चा ही रहता है।
भंडारकर की बात करें, तो उनकी अगली फिल्म 'द वाइव्स' है, जिसमें सोनाली कुलकर्णी, मौनी रॉय, रेजिना कैसेंड्रा, राहुल भट्ट, सौरभ सचदेवा, अर्जन बाजवा और फ्रेडी दारुवाला मुख्य भूमिका में होंगे।
--आईएएनएस
एनएस/वीसी