लखनऊ में भीषण आग से झोपड़ियां खाक, उपमुख्यमंत्री ने जांच के दिए आदेश
लखनऊ, 15 अप्रैल (आईएएनएस) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर में बुधवार को भीषण आग लगने से कई झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। आग इतनी भयावह थी उसकी लपटों से पूरा इलाका दहल उठा और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक देखा गया।
अधिकारियों के अनुसार, विकास नगर सेक्टर-12 स्थित रिंग रोड किनारे खाली पड़े भूखंड पर बसी झुग्गी बस्ती में आग लगी। शुरुआती तौर पर आग एक झोपड़ी से शुरू हुई और देखते ही देखते तेज हवा के कारण पूरे इलाके में फैल गई। आग ने कई झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे हजारों लोग प्रभावित हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद बस्ती में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की करीब 20 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात में आग पर आंशिक रूप से काबू पाया जा सका।
घटना के बाद मौके पर पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें तैनात कर दी गईं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने घटना स्थल का जायजा लेते हुए कहा कि आग बुझाने के लिए सभी संसाधन लगाए गए हैं और घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि लखनऊ के विकास नगर में आग लगने की अत्यंत दु:खद एवं हृदयविदारक सूचना प्राप्त होने पर तत्काल घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करते हुए प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को घायल हुए लोगों को त्वरित बेहतर इलाज उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
साथ ही घटना की उच्च स्तरीय जांच एवं जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, एनडीआरफ एवं अन्य अधिकारियों को पीड़ित परिवारों को रहने एवं भोजन आदि की व्यवस्था तथा हर संभव सहायता करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
उन्होंने आगे लिखा कि पीड़ित परिवारों की पीड़ा, हमारी पीड़ा है। इस मुश्किल घड़ी में प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
जिलाधिकारी विशाख ने बताया कि प्रभावित परिवारों को अस्थायी रूप से रैन बसेरों में शिफ्ट किया जा रहा है और उनके पुनर्वास की व्यवस्था की जा रही है।
वहीं पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
--आईएएनएस
विकेटी/एएमटी