×

लखनऊ में 9 अवैध रो-हाउस भवनों पर चला बुलडोजर, 22 अवैध निर्माण सील

 

लखनऊ, 19 मार्च (आईएएनएस)। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिजनौर स्थित अवैध मॉड गैलेक्सी सिटी पर बुलडोजर चलवा दिया। दिनभर चली कार्रवाई के दौरान लगभग 9,500 वर्ग फुट क्षेत्रफल में निर्मित किए गए 9 रो-हाउस भवनों को ध्वस्त किया गया। गुड़म्बा में 19 अवैध रो-हाउस भवन व ठाकुरगंज में 3 अवैध व्यावसायिक निर्माण सील किए गए।

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि बिजनौर थानाक्षेत्र के औरंगाबाद खालसा में बिल्डर मोहम्मद इमरान द्वारा अवैध रूप से मॉड गैलेक्सी सिटी विकसित करते हुए रो-हाउस भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। एलडीए से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना लगभग 9,500 वर्गफिट क्षेत्रफल में निर्मित किए जा रहे इन 9 रो-हाउस भवनों के विरुद्ध न्यायालय ने ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए गए थे, जिसके अनुपालन में प्रवर्तन टीम ने बुधवार को स्थल पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। दिनभर चली कार्रवाई के दौरान 9 रो-हाउस भवनों के अवैध स्ट्रक्चर को ध्वस्त कर दिया गया।

प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि ठाकुरगंज में जल निगम रोड पर अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि सैय्यद सिबते मोहम्मद द्वारा 150 वर्गमीटर, चन्द्र प्रकाश अवस्थी द्वारा 200 वर्गमीटर और जगदेव सिंह द्वारा लगभग 250 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखंडों पर अवैध रूप से व्यावसायिक भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। तीनों अवैध निर्माण को सील कर दिया गया।

प्रवर्तन जोन-5 की जोनल अधिकारी वंदना पाण्डेय ने बताया कि सिद्धार्थ, एएम अंसारी, मोहम्मद जोएब व अन्य द्वारा गुड़म्बा में कंचना बिहारी मार्ग पर लगभग 500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 10 रो-हाउस भवनों का निर्माण कराया जा रहा था।

इसी तरह जितेन्द्र जुमनानी द्वारा लगभग 400 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखंड पर 4 रो-हाउस भवन और बिल्डर अलताब द्वारा 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 5 रो-हाउस भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। एलडीए से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना अवैध रूप से निर्मित किए जा रहे इन 19 रो-हाउस भवनों को सील कर दिया गया।

--आईएएनएस

ओपी/वीसी