×

लखनऊ के हजरतगंज में शराब पीने के दौरान बहस, गोली लगने से युवक घायल, दो संदिग्ध हिरासत में

 

लखनऊ, 29 मई (आईएएनएस)। हजरतगंज थाना क्षेत्र में देर रात शराब पीने के दौरान हुई बहस में गोली चलने की घटना सामने आई है। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया और दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार-शुक्रवार की मध्यरात्रि करीब 1 बजे हरतगंज पुलिस को सूचना मिली कि भाजपा कार्यालय के पास दारुलसफा इलाके में स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स के पीछे एक व्यक्ति को गोली लग गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां पाया गया कि 41/423 नरही, हजरतगंज निवासी विभू शुक्ला पुत्र स्वर्गीय राकेश कुमार शुक्ला को दाहिने पैर की जांघ में गोली लगी थी।

पुलिस ने तुरंत घायल युवक को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि गोली जांघ में लगी है और घायल व्यक्ति खतरे से बाहर है। उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि विभू शुक्ला अपने साथी मोहम्मद शफीक (उम्र 28 वर्ष), पुत्र मोहम्मद रजा, निवासी जू वाल्दा कॉलोनी, नरही हजरतगंज के साथ सुलभ शौचालय के पीछे शराब पा रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई और अचानक गोली चल गई।

पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है। हजरतगंज पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। गोली किसके पास थी और किसने चलाई, इसकी जांच चल रही है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हजरतगंज लखनऊ का व्यस्त और संवेदनशील इलाका माना जाता है। इस घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है। आसपास के रहवासी बताते हैं कि रात के समय इस इलाके में शराब पीने वाले युवकों की आवाजाही रहती है, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यह घटना शराब और व्यक्तिगत विवाद से जुड़ी लगती है, लेकिन पूरी जांच के बाद ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।

--आईएएनएस

एससीएच/एएस