×

प्यार, पैसा और धोखा...जेल से लिखी ऐसी खौफनाक कहानी जानकर कांप जाएगी रूह

 

दिल्ली के पतपड़गंज इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों, कानून और इंसानियत — तीनों पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां 27 वर्षीय महिला प्रियंका की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई और फिर उसके शव को आग के हवाले कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, प्रियंका के शरीर पर चाकू के चार गहरे घाव पाए गए — एक पेट में और तीन सीने में। जांच में सामने आया कि हत्या का आरोप उसके पूर्व पति संदीप कुमार पर है, जो पहले से ही प्रियंका की 4 साल की बेटी से यौन उत्पीड़न के मामले में ज़मानत पर बाहर था।

रिश्तों की उलझी परतें

प्रियंका की पहली शादी 2020 में आदर्श नामक युवक से हुई थी, जिससे उसे एक बेटी हुई। इसके बाद उसने 2023 में संदीप और फिर 2025 में अरुण नामक युवक से विवाह किया, हालांकि दोनों विवाह कानूनी रूप से रजिस्टर्ड नहीं थे। प्रियंका वर्तमान में अरुण के साथ रह रही थी।

हत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पाया कि शव दो बिस्तरों के बीच पड़ा हुआ था और अधजला था। प्रियंका के पति अरुण ने बताया कि उसे संदीप से जान से मारने की धमकियाँ मिल रही थीं। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, जिसमें संदीप को प्रियंका के घर आते-जाते देखा गया।

अपराध और अंत

संदीप पर पहले ही यौन उत्पीड़न का केस चल रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से टूट चुका था। पुलिस ने उसके लैपटॉप की जांच में पाया कि वह आत्महत्या से संबंधित जानकारी सर्च कर रहा था। घटना के अगले ही दिन उसकी लाश नोएडा सेक्टर-90 की एक 23-मंजिला इमारत के नीचे मिली। माना जा रहा है कि हत्या के बाद संदीप ने आत्महत्या कर ली।

पुलिस की जांच जारी

पांडव नगर थाने में हत्या और आत्महत्या से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किया गया है और तीन टीमों को जांच में लगाया गया है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं इस मामले में और लोग तो शामिल नहीं थे।