पुरी में बारिश के बीच भगवान जगन्नाथ रथ पर विराजमान, वीडियो में जाने गजपति महाराजा ने सोने की झाड़ू से की छेरापहंरा रस्म; अहमदाबाद में भी निकली भव्य रथयात्रा
ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रथयात्रा से पहले होने वाली पहांडी रस्म पूरी हो गई है। भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा को मंदिर से बाहर लाकर उनके-अपने रथों पर विराजमान कर दिया गया है। हालांकि, इस बार तेज बारिश के कारण रस्मों में कुछ बदलाव देखने को मिले।
पुरी में लगातार हो रही बारिश के चलते भगवान जगन्नाथ को बिना मुकुट पहनाए ही मंदिर से बाहर लाया गया। परंपरा के अनुसार जिस तरह भगवान के विग्रह को झुलाते हुए रथ तक लाया जाता है, इस बार मौसम को देखते हुए ऐसा नहीं किया गया। भगवान का विग्रह बेहद सावधानी के साथ धीरे-धीरे रथ तक पहुंचाया गया।
गजपति महाराजा ने सोने की झाड़ू से की रथों की सफाई
भगवान के रथ पर विराजमान होने के बाद पुरी के गजपति महाराजा दिव्यसिंह देव ने पारंपरिक छेरापहंरा रस्म निभाई। उन्होंने सोने की झाड़ू से तीनों रथों के आगे रास्ते की सफाई की। यह रस्म भगवान के प्रति राजा के सेवक भाव को दर्शाती है।
इसके बाद लाखों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथों को खींचकर करीब 3 किलोमीटर दूर गुंडिचा मंदिर तक ले जाएंगे। यह यात्रा जगन्नाथ संस्कृति का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन मानी जाती है, जिसमें देश-विदेश से लाखों भक्त शामिल होते हैं।
बारिश के बावजूद लाखों श्रद्धालु मौजूद
पुरी में रथयात्रा के दौरान तेज बारिश के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। यात्रा मार्ग पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद हैं। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती की है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
अहमदाबाद में भी निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा
उधर, गुजरात के अहमदाबाद में भी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जा रही है। यहां जामालपुर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में सुबह 4 बजे मंगला आरती का आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हुए।
रथयात्रा को रवाना करने से पहले मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने सोने की झाड़ू से रास्ता साफ करने की पारंपरिक रस्म निभाई। इसके बाद भगवान जगन्नाथ की यात्रा शुरू हुई।
हाथियों की सुरक्षा को लेकर इस बार विशेष इंतजाम
अहमदाबाद रथयात्रा में इस बार हाथियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरती गई। हाथियों को पैर में जंजीरों से बांधकर यात्रा में शामिल किया गया। इसके अलावा खड़िया पोल इलाके में पहुंचते ही लोगों को सड़क से हटा दिया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
दरअसल, पिछले साल रथयात्रा के दौरान तीन हाथी अचानक बेकाबू हो गए थे। इस घटना को देखते हुए प्रशासन ने इस बार सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए हैं।
देशभर में जगन्नाथ रथयात्रा का उत्सव
पुरी और अहमदाबाद के अलावा देश के कई हिस्सों में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली जा रही है। श्रद्धालु भक्ति और उत्साह के साथ भगवान के दर्शन कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से अपील की गई है कि भक्त धैर्य बनाए रखें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें।