लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही भाजपा, अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला: उदित राज
नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता उदित राज ने गुरुवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर मुख्य न्यायाधीश की टिप्पणी और चुनाव आयोग की खामियों के अलावा कई मुद्दों पर बातचीत की।
कांग्रेस नेता उदित राज ने मुख्य न्यायाधीश की 'न्यायपालिका को डराया नहीं जा सकता' वाली टिप्पणी पर कहा कि सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी गलत है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की पहली गलती यह है कि सीजेआई ने नेता विपक्ष और इंडिया गठबंधन के नेताओं से मिलने से मना कर दिया, जबकि मिलने के कारण तार्किक थे। चलो मिलने से इनकार कर दिया, कोई बात नहीं, लेकिन विपक्ष ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया। इसमें कोई गलत बात नहीं है, इसलिए इस पर टिप्पणी करना सुप्रीम कोर्ट को शोभा नहीं देता।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने तो सुप्रीम कोर्ट का ही काम किया। राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट के मित्र की भूमिका निभाते हुए उसको लोकतंत्र में उपज रही खामियों को बताया। अगर लोकतंत्र के अंदर कोई खामी है, उसको बताने का काम राहुल गांधी ने किया, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट का काम लोगों के अधिकारों की रक्षा की निगरानी करना है।
उदित राज ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट को एसआईआर की प्रक्रिया को रद्द कर देना चाहिए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश करनी चाहिए। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट को तुरंत एक्शन लेना चाहिए।
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सेंट्रल पार्क में तिरंगा फहराने के सवाल पर कांग्रेस नेता ने कहा कि तिरंगा फहराना गौरव की बात है। तिरंगा फहराने को रोकने की बात समझ नहीं आती है। समझ नहीं आता कि तिरंगा फहराने वालों को डिटेन क्यों किया जा रहा है। सीजेपी नेता अभिजीत दिपके को इंडिया गठबंधन की 'टी पार्टी' में बुलाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारी किसी भी लड़ाई नहीं है। हां, हमारी लड़ाई भाजपा से इसलिए है, क्योंकि वह लोकतंत्र खत्म कर रही है, बोलने का अधिकार खत्म कर रही है और देश में हिंदू-मुस्लिम का जहर घोलने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि एसआईआर में 13 करोड़ से ज्यादा का वोट काट दिया है, इसलिए ये लड़ाई सबकी है और इसको लेकर देश के हर वर्ग को आवाज उठानी चाहिए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि इस सरकार ने मीडिया को कंट्रोल करने काम किया है, क्योंकि उनको मालूम है कि मीडिया को दबा दोगे तो कोई सवाल ही नहीं पूछेगा, इसलिए देश में अल्टरनेटिव मीडिया का उदय हुआ है। उन्होंने कहा कि देश में अंकिता भंडारी, उन्नाव केस, कठुआ कांड और हाथरस कांड समेत ऐसे तमाम मामले हैं, जिनमें सरकार ने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। भाजपा का चाल-चरित्र ही यही है कि जो भी जुल्म के खिलाफ आवाज उठाता है, उसके घर पर सीबीआई और ईडी को भेज देती है।
--आईएएनएस
एमएस/डीकेपी