☰
×

'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा की तैयारी तेज, पंकज चौधरी बोले-कांग्रेस की रैली पूरी तरह फेल

 

महाराजगंज, 2 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने गोरखपुर में 4 नवंबर को होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। यह पदयात्रा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में निकाली जाएगी।

बैठक में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों के साथ तैयारियों पर चर्चा की गई। इस दौरान पंकज चौधरी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर विरोध प्रदर्शनों के जरिए जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हाल में दिल्ली में हुई रैली पूरी तरह विफल रही है और 10 लाख लोगों को जुटाने का उनका दावा हवा-हवाई साबित हुआ।

प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा, "जिस तरीके से जनता को गुमराह करने का काम इंडिया ब्लॉक और उनके सहयोगी दल कर रहे हैं, कभी नीट परीक्षा को लेकर, कभी एसआईआर को लेकर और अब मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ ये किया जा रहा है। लोकतंत्र में आंदोलन करना, प्रदर्शन करना सबका अधिकार है, लेकिन उस आंदोलन का स्वरूप क्या देना चाहते हैं? जिस प्रकार से प्रशांत भूषण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सत्ता परिवर्तन की बात की, 'रिजीम चेंज' मतलब तख्तापलट की बात की।"

उन्होंने कहा कि वह महिला नेहा बोहरा जो हैं, वे बांग्लादेश से कहीं न कहीं प्रेरणा लेकर इस आंदोलन में शामिल हुईं। क्या भारत को भी यह बांग्लादेश बनाना चाहते हैं? भारत को यह श्रीलंका बनाना चाहते हैं? भारत को यह नेपाल बनाना चाहते हैं?

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिस प्रकार से उनका आंदोलन चल रहा है, उनका मकसद न तो नीट परीक्षा को लेकर है, न सीएए का विषय है और न संविधान का विषय है। कहीं न कहीं अपना जनाधार खो चुके कांग्रेस और उसके सहयोगी दल, जिन्हें एनडीए ने हराया है, चाहे वह ममता बनर्जी हों या अखिलेश यादव, सभी को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हराकर भेजा है। यह लोग अपनी खोई हुई जमीन वापस प्राप्त करने के लिए गैर-लोकतांत्रिक तरीके से देश को अस्थिर करना चाहते हैं।

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि ये चंद लोगों को देखकर, जो दिल्ली में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, भारतीय जनता पार्टी ने तय किया है कि इसके विरोध में उन्हें जनता करारा जवाब देगी। देश की जनता किसके साथ है, इसके लिए 1 से लेकर 5 नवंबर तक पूरे देश में हमारे सभी वरिष्ठ नेता पदयात्रा करके 'लोकतंत्र बचाओ और अराजकता हटाओ' का नारा देते हुए जनता के बीच जा रहे हैं, क्योंकि भारत एक मजबूत लोकतांत्रिक देश है।

उन्होंने कहा कि मैं देश की जनता को भी धन्यवाद दूंगा कि इन बहकावों में वह आने वाली नहीं है और पूरी जनता कहीं न कहीं पीएम मोदी के साथ खड़ी है। आप सब मीडिया के लोग हैं, आपसे कुछ छिपा नहीं रहता। दिल्ली में जिस प्रकार से घोषणा की गई थी कि 10 लाख लोग वहां एकत्रित होंगे और 20 पार्टियां मिलकर इस आंदोलन को करेंगी और रामलीला मैदान की क्षमता भी आप जानते हैं। मेरा अपना अनुमान है कि 35-40 हजार से ज्यादा लोग नहीं आए थे। या तो इनके लोग शिफ्ट हो गए या फिर असंतुष्ट हो गए। कहीं न कहीं उन्हें खुद अपना मूल्यांकन करना चाहिए।

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि जिस प्रकार से उन्होंने रैली का आह्वान किया था, वह रैली कहीं न कहीं पूरी तरह विफल रही। आज वापस मैं प्रधानमंत्री मोदी को बहुत-बहुत धन्यवाद दूंगा और देश की 140 करोड़ जनता को धन्यवाद दूंगा कि जो बांग्लादेश में हुआ, जो नेपाल में हुआ, जो श्रीलंका में हुआ और पूरे विश्व में जो कुछ चला है, उससे भारत के लोकतंत्र को सुरक्षित रखने में देश की जनता ने सफलता प्राप्त की है।

--आईएएनएस

केके/वीसी