×

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने संसदीय क्षेत्र में सुनीं लोगों की समस्याएं

 

कोटा (राजस्थान), 2 मई (आईएएनएस)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र कोटा पहुंचे, जहां लोगों ने उनका पगड़ी और माला पहनाकर स्वागत किया।

इस दौरान वे आम लोगों से मुखातिब हुए और उनकी समस्याएं भी सुनीं। ओम बिरला ने लोगों की समस्याओं को हल करने का संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट करते हुए कहा कि लोगों की समस्याओं को हल करने की दिशा में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, ओम बिरला अपने दौरे के दौरान विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और अन्य लोगों से भी संवाद स्थापित करेंगे। वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ने अपने दौरे के बारे में पत्रकारों से बातचीत में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मैं अपने संसदीय क्षेत्र में जब भी जाता हूं, तो मैं लोगों से मुखातिब होता हूं। उनकी समस्याओं और आकांक्षाओं को सुनता हूं।

उन्होंने कहा कि हर जनप्रतिनिधित्व का यह मौलिक कर्तव्य होना चाहिए कि वो अपने क्षेत्र के लोगों के साथ खड़ा रहे और उनकी समस्याओं को सुनकर उसे फौरन सुलझाने का काम करें। हर जनप्रतिनिधित्व को अपने लोगों के बारे में फिक्र होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि हम जनसेवक हैं और जनसेवक होने के नाते हमारा यह कर्तव्य होना चाहिए कि हम अपने लोगों के प्रति संवेदनशील रहे। मैं अपना यह काम पूरी ईमानदारी के साथ करने की कोशिश कर रहा हूं। मैं अपने काम को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि एक जनसेवक होने के नाते हमारा यह कर्तव्य होना चाहिए कि हम अपने क्षेत्र में विकास के दायरे को बढ़ाए। इसके इतर, कैसे रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाना है, इस दिशा में भी कदम बढ़ाया जाए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में यही प्रक्रिया होती है कि आप जितने ज्यादा लोगों से संपर्क स्थापित करेंगे, आपको उतनी ही तथ्यात्मक जानकारी मिलेगी। इससे आपको आगे की कार्ययोजना तैयार करने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा, उन्होंने जनगणना को लेकर कहा कि देशभर में जनगणना हो रही है। मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि वो आगे आकर इस जनगणना में अपनी भागीदारी निभाएं, ताकि देश की वास्तविक जनसंख्या के बारे में जानकारी मिल सके। वास्तविक जनसंख्या आने से विकास का पूरा रोडमैप तैयार करने में मदद मिलेगी। मुझे पूरा भरोसा है कि जब जनगणना सटीक होगी, तो हमें इसके बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे।

--आईएएनएस

एसएचके/पीएम