×

लोजपा (रामविलास) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का पुनर्गठन, राजू तिवारी समेत कई को मिली अहम जिम्मेदारी

 

पटना, 26 अगस्त (आईएएनएस)। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के निर्देश पर पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक ने बुधवार को नई कार्यकारिणी और विभिन्न संगठनात्मक पदों पर नियुक्तियों की सूची जारी की। नई कार्यकारिणी में राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ स्थायी आमंत्रित सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य, सांसद, विधायक और विधान पार्षदों को भी जिम्मेदारियां दी गई हैं।

इसके अलावा पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ताओं के नामों की भी घोषणा की गई है। पुनर्गठन में बिहार के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक राजू तिवारी को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। राजू तिवारी को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने को बिहार संगठन में संभावित बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। इससे यह स्पष्ट संदेश माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बिहार प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी किसी नए नेता को सौंपी जा सकती है।

वहीं, बिहार विधान परिषद के सदस्य अशरफ अंसारी को भी राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। सांसद राजेश वर्मा को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में चिराग पासवान राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में शामिल हैं। ललित कुमार गौतम, हरमीत सिंह और अधिवक्ता सरदार तारा सिंह को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। मनीशंकर पांडेय, मोहम्मद शमीम एम हवा, बिरेंद्र प्रधान, कुंवर असीम खान, डॉ. सत्यानंद शर्मा और कमला कुमारी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

पार्टी की ओर से जारी सूची में राष्ट्रीय महासचिवों के साथ-साथ राष्ट्रीय सचिवों की भी घोषणा की गई है। राष्ट्रीय सचिवों में रेमा जॉर्ज, एस. रिचर्ड हुमत्सोए, केबी भारती, पीएच रामचंद्रन, मोहम्मद अबरार, हाजी नुरुल्ला, कुलदीप चौहान और सूरज कुमार बुरहादिया शामिल हैं। पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के राष्ट्रीय अध्यक्षों की भी घोषणा की गई है। प्रणब कुमार को युवा प्रकोष्ठ, चंद्रा प्रभा भाटिया को महिला प्रकोष्ठ, अब्दुल खालिक को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का अस्थायी प्रभार, राजेश पासवान को जेएमएस, अधिवक्ता सुशील कुमार को विधि प्रकोष्ठ, धर्मेंद्र मिश्रा को किसान प्रकोष्ठ और सांसद शांभवी चौधरी को छात्र प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।

इसके साथ ही धीरेंद्र सिंह मुन्ना को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है। अरुण भारती, राजेश वर्मा, शांभवी चौधरी, राजू तिवारी, अजय कुमार पांडेय, मुरारी गौतम, राजेश भट्ट, विनीत सिंह, अधिवक्ता रितेश कुमार शर्मा, आलोक रंजन और प्रणब कुमार समेत कई नेताओं को राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बिहार के सांसदों और विधायकों को भी स्थान दिया गया है। सांसद अरुण भारती, वीणा देवी, शांभवी चौधरी और राजेश वर्मा को शामिल किया गया है। वहीं, पार्टी के कई विधायकों और विधान पार्षदों को भी राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी के इस संगठनात्मक पुनर्गठन को आगामी राजनीतिक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम