☰
×

लोहरदगा: नाबालिग से दुष्कर्म मामले में प्रखंड प्रमुख का पुत्र दबोचा, धमकी देने के मामले में मां भी गिरफ्तार

 

लोहरदगा, 24 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म और पीड़िता के परिवार को धमकाने से जुड़े मामले में पुलिस ने प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी और उनके बेटे प्रकाश उरांव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में नामजद प्रखंड प्रमुख के निजी चालक दीपेंद्र भारती की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

कुड़ू थाना प्रभारी नीरज झा के अनुसार सोमवार शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि दुष्कर्म से जुड़े मामले में आरोपी प्रकाश उरांव और उसकी मां मुन्नी देवी बड़की चांपी स्थित अपने घर आए हुए हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घर पर छापेमारी की।

पुलिस की दबिश की भनक लगते ही प्रकाश उरांव और चालक दीपेंद्र भारती भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर प्रकाश को पकड़ लिया तथा मुन्नी देवी को भी हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया।

दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, कुंदगढ़ा गांव के रहने वाले प्रकाश उरांव पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।

चिकित्सकीय जांच में किशोरी के करीब छह महीने की गर्भवती होने की पुष्टि के बाद मामला सामने आया और पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद पीड़िता के पिता ने 21 अक्टूबर को कुड़ू थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पॉक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

परिजनों का आरोप है कि घटना उजागर होने के बाद जब वे न्याय की मांग को लेकर प्रखंड प्रमुख के आवास पहुंचे तो मुन्नी देवी और निजी चालक दीपेंद्र भारती ने उन पर केस वापस लेने का दबाव बनाया और इनकार करने पर गंभीर अंजाम भुगतने व जान से मारने की धमकी दी।

इसी आरोप के तहत दोनों के नाम भी मामले में जोड़े गए। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी दीपेंद्र भारती की तलाश में छापेमारी कर रही है और प्रकरण के सभी पहलुओं की जांच जारी है।

--आईएएनएस

एसएनसी/वीसी