'लोग अपने-अपने पूजा स्थलों का सम्मान करें', केदारनाथ-बद्रीनाथ मंदिर में गैर-हिंदुओं से हलफनामे मांगने पर बोलीं फौजिया खान
नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। एनसीपी-एसपी की सांसद फौजिया खान ने केदारनाथ और बद्रीनाथ मंदिरों में गैर-हिंदुओं से हलफनामा मांगने पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने-अपने पूजा स्थलों का सम्मान करना चाहिए।
आईएएनएस से बात करते हुए सांसद फौजिया खान ने कहा, "आप देश के मौजूदा हालात से वाकिफ हैं। अगर कुछ लोग चाहते हैं कि गैर-हिंदू वहां न आएं, तो यह उनकी श्रद्धा का मामला है। इसके अलावा, गैर-हिंदू मंदिर जाना ही क्यों चाहेंगे, जब उनके पास अपनी पूजा करने की जगहें हैं?"
उन्होंने कहा कि लोगों को अपने-अपने पूजा स्थलों का सम्मान करना चाहिए। हर मजहब यही सिखाता है कि आपस में प्यार रखें। इसलिए सभी को प्यार से रहना चाहिए।
ईद-उल-फितर को लेकर एनसीपी-एसपी सांसद फौजिया खान ने कहा, "आज मेरे देश के सभी बहनों-भाईयों को, मेरे देशवासियों को, मैं ईद की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देना चाहती हूं। ईद यानी खुशी, आज खुशी का दिन है। आज पूरे रमजान के 30 दिन के रोजे खत्म हुए हैं। आज ईद-उल-फितर के दिन चैरिटी की गई। पूरा रमजान चैरिटी में गुजरा है। लोगों ने रोजा रखा।"
फौजिया खान ने आगे कहा, "मैं ईद के जरिए संदेश देना चाहती हूं कि आज हम सभी लोग दुआ करें कि देश में शांति और भाईचारा स्थापित हो। एक-दूसरे के प्रति प्यार मोहब्बत स्थापित हो। हमारे देश के लिए यह बहुत आवश्यक है।"
इसी बीच, तेल-गैस की किल्लत पर फौजिया खान ने कहा, "जमीनी हकीकत सरकार के दावों से बिल्कुल अलग है। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह गैस को लेकर घबराहट की बात नहीं है, बल्कि असल में लोगों को गैस के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है और यह आसानी से उपलब्ध भी नहीं है। इतना ही नहीं, गैस की बढ़ती कीमतें भी लोगों के लिए भारी परेशानी का सबब बन रही हैं।"
एनसीपी-एसपी सांसद ने कहा कि यह एक ऊर्जा संकट है, लेकिन भारत में हम इसे टाल सकते थे, अगर पहले से अच्छी प्लानिंग होती। हमने कोई प्लानिंग नहीं की। इसलिए देशवासियों को संघर्ष का सामना करना पड़ रहा है।
--आईएएनएस
डीसीएच/