एलओसी के समीप सुंदरबनी सेक्टर पहुंचे उत्तरी कमान के आर्मी कमांडर
नई दिल्ली, 20 मई (आईएएनएस)। भारतीय सेना की उत्तरी कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) के साथ सुंदरबनी सेक्टर के अग्रिम क्षेत्रों का दौरा किया है। इस दौरान उन्होंने वहां की मौजूदा सुरक्षा स्थिति और ऑपरेशनल तैयारियों की व्यापक समीक्षा की।
उन्होंने सीमा पर तैनात सैनिकों की सतर्कता, सामरिक तैनाती और किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति से निपटने की क्षमता का आकलन किया। लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने भारतीय सेना तथा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों से बातचीत की। सैन्य कमांडर ने कठिन परिस्थितियों में जवानों के साहस, दृढ़ संकल्प और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में तैनात सैनिकों का अनुभव, अनुशासन और सतत सतर्कता देश की सुरक्षा का मजबूत आधार है। लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने जवानों को बदलते युद्ध स्वरूप और आधुनिक सुरक्षा चुनौतियों के मद्देनजर नई एवं उभरती तकनीकों को तेजी से अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक युद्धक्षेत्र में तकनीकी दक्षता और त्वरित अनुकूलन क्षमता बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए सैनिकों को लगातार अपने कौशल को उन्नत करते हुए हर समय युद्ध के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने अग्रिम मोर्चों पर तैनात जवानों के उच्च मनोबल और पेशेवर प्रतिबद्धता की भी प्रशंसा की।
लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने कहा कि भारतीय सेना हर परिस्थिति में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सीमाओं की सुरक्षा के लिए पूर्णत प्रतिबद्ध है। सेना और बीएसएफ के बीच बेहतर समन्वय और संयुक्त सतर्कता को रक्षा विशेषज्ञ राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानते हैं।
--आईएएनएस
जीसीबी/डीकेपी