LIVE :पटना में छात्रों का हल्लाबोल! CM आवास की ओर बढ़ा मार्च, जेपी गोलंबर पर पुलिस ने रोका
राजधानी पटना में मंगलवार को BPSC TRE-4 समेत विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों का प्रदर्शन तेज हो गया। गर्दनीबाग में कई छात्र संगठनों के धरने के बाद अब गांधी मैदान से छात्रों का मार्च शुरू हो गया है। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं।प्रशासन ने मार्च को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। गांधी मैदान स्थित होटल मौर्या के पास पहले से पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
जेपी गोलंबर पर छात्रों को रोका गया
गांधी मैदान से निकला छात्रों का मार्च जेपी गोलंबर की ओर बढ़ा, जहां पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। छात्रों ने पहले ही घोषणा की थी कि वे मुख्यमंत्री आवास तक मार्च निकालकर अपनी मांगें सरकार के सामने रखेंगे।प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
TRE-4 अभ्यर्थियों की क्या मांग है?
BPSC TRE-4 के अभ्यर्थी परीक्षा प्रक्रिया को लेकर कई मांगें उठा रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में एकल परीक्षा आयोजित करना और निगेटिव मार्किंग हटाना शामिल है।छात्रों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को लेकर उनकी चिंताओं को दूर किया जाना चाहिए और अभ्यर्थियों को स्पष्ट नियमों के साथ परीक्षा का मौका मिलना चाहिए।
सोमवार को प्रशासन से हुई थी बातचीत
इससे पहले सोमवार, 24 अगस्त को छात्र नेता दिलीप कुमार और कुछ अन्य छात्रों ने प्रशासन के अधिकारियों से बातचीत की थी। शिक्षा विभाग के स्तर पर भी छात्रों से चर्चा हुई थी।हालांकि, बातचीत के बावजूद छात्र संगठनों ने मंगलवार को मार्च निकालने का फैसला किया। अब प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रशासन की बढ़ी चिंता
मुख्यमंत्री आवास के आसपास का क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में पुलिस छात्रों को आगे बढ़ने से रोक रही है। मार्च के दौरान स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है।फिलहाल पटना में छात्रों का प्रदर्शन जारी है और जेपी गोलंबर पर पुलिस एवं प्रदर्शनकारियों के बीच स्थिति पर नजर बनी हुई है।