×

लेबनान पर इजरायल का बढ़ता हमला निन्दनीय: यूएन महासचिव गुटेरेस

 

न्यूयॉर्क, 9 सितंबर (आईएएनएस)। दक्षिणी लेबनान में इजरायल के बढ़ते हमले और सैन्य अभियानों पर संयुक्त राष्ट्र ने फिक्र जाहिर की है। यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने बुधवार को इस पर दुख जताते हुए तेल अवीव से अपील की कि वो अपने ऑपरेशन पर विराम लगाए।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एंटोनियो गुटेरेस ने लिखा, "मैं आम लोगों की मौत, लोगों को जगह खाली करने के आदेशों से होने वाली परेशानी और विस्थापन, तथा बड़े पैमाने पर हुई तबाही और बर्बादी के दृश्यों को देख दुखी हूं और इसकी निंदा करता हूं।"

गुटेरेस ने "लड़ाई को तुरंत रोकने" की अपील करते हुए इजरायल से अपील की कि वो लेबनान के इलाके से अपनी सेना हटा ले।

उन्होंने आगे लिखा, "ताकत का इस्तेमाल करने का अधिकार सिर्फ लेबनान की सरकार के पास होना चाहिए। मैं सभी पक्षों से अपील करता हूं कि वे लेबनान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करें।"

आम नागरिकों और नागरिक ठिकानों की हर समय सुरक्षा की जानी चाहिए। वे हमले का लक्ष्य नहीं होना चाहिए और उन पर किए गए हमले स्वीकार्य नहीं हैं।

शांति अपील करते हुए उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र हिंसा खत्म करने, नागरिकों की सुरक्षा करने और इस संघर्ष का स्थायी समाधान खोजने के प्रयासों में सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

पिछले काफी अरसे से हिज्बुल्लाह के खिलाफ एक्शन की बात करते हुए दक्षिणी लेबनान को इजरायल टारगेट करता आया है। वहीं, बुधवार को भी गोला बारूद से हमले की खबर आई है। इजरायली सेना ने नबातीह प्रांत के दक्षिणी लेबनानी कस्बों, कफर रेमन और कफर तेबनित पर तोपों से गोले दागे।

लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने बिंत जबील जिले के हद्दाथा कस्बे में जोरदार धमाकों की जानकारी दी। अमेरिका की मध्यस्थता में हुए "युद्धविराम" के बावजूद, इजरायल रोजाना हमले कर रहा है और दक्षिण में उसका कब्जा भी बना हुआ है।

दूसरी ओर ईरान भी लगातार कहता रहा है कि जब तक लेबनान पर इजरायली हमले नहीं रुकेंगे वो भी पीछे नहीं हटेगा।

--आईएएनएस

केआर/