सुप्रीम कोर्ट में CJI सूर्यकांत से भिड़ा वकील, वीडियो में बोला- आप इस कुर्सी पर बैठने लायक नहीं: अवमानना मामले की जल्द सुनवाई नहीं होने पर भड़का; सुरक्षाकर्मी कोर्ट रूम से बाहर ले गए
सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को उस समय असामान्य स्थिति बन गई, जब एक वकील ने मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत के साथ तीखी बहस शुरू कर दी। वकील अपने खिलाफ चल रहे अवमानना के मामले में जल्द सुनवाई की मांग कर रहे थे। जब सीजेआई ने उन्हें थोड़ा इंतजार करने के लिए कहा तो वकील नाराज हो गए। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं और उनमें ईमानदारी नहीं है। घटना सोमवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
उस समय सीजेआई सूर्यकांत की अगुआई वाली पीठ में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि संबंधित वकील ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना अपना मामला अदालत के सामने रखने की कोशिश की थी। इस पर उन्होंने पहले माफी भी मांगी थी।
मामले का जिक्र करने पर जज ने जताई आपत्ति
सुनवाई के दौरान जस्टिस वी. मोहना ने वकील को बताया कि वे निर्धारित प्रक्रिया के बिना इस तरह अपने मामले का जिक्र नहीं कर सकते। इसके बाद सीजेआई सूर्यकांत ने वकील से कहा, 'हम आपका आवेदन देखेंगे, आप थोड़ा इंतजार कीजिए।'हालांकि, सीजेआई की इस बात पर वकील नाराज हो गए। उन्होंने पीठ के सामने ही मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। वकील ने कहा कि सीजेआई इस पद पर बैठने के योग्य नहीं हैं और उनमें ईमानदारी की कमी है। इस दौरान उन्होंने पीठ में मौजूद जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना के प्रति सम्मान भी जताया।
टिप्पणी के बाद बंद किया गया ऑडियो-वीडियो
वकील की टिप्पणी के बाद अदालत की कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो बंद कर दिया गया। सुप्रीम कोर्ट में मौजूद अन्य वकीलों के मुताबिक, हंगामे के बाद सुरक्षाकर्मी संबंधित वकील को कोर्ट रूम से बाहर ले गए।घटना के समय अदालत में मौजूद कुछ अन्य वकीलों ने सीजेआई सूर्यकांत से इस व्यवहार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की। उनका कहना था कि अदालत की कार्यवाही के दौरान न्यायाधीशों के प्रति इस तरह की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जानी चाहिए।
कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं
इस घटना के बाद सुप्रीम कोर्ट में वकील के व्यवहार को लेकर चर्चा शुरू हो गई। हालांकि, संबंधित वकील के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की गई या अवमानना के मामले में सुनवाई कब होगी, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।फिलहाल यह मामला अदालत की कार्यवाही के दौरान वकील और मुख्य न्यायाधीश के बीच हुई तीखी बहस को लेकर चर्चा में है।