×

लॉरेंस बिश्नोई के वकील पर हमले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 

नई दिल्ली, 3 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की कानूनी टीम पर हुए गोलीबारी के मामले के मुख्य आरोपी रोहित सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया है।

लॉरेंस बिश्नोई की कानूनी टीम पर यह हमला पिछले मंगलवार को उत्तरी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में मरघाट बाबा मंदिर के पास हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया था। घटना के बाद हाई-प्रोफाइल गैंगस्टर मामलों को संभालने वाले वकीलों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गईं।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, 24 फरवरी की देर रात वकील दीपक खत्री अपनी टीम के साथ कार में मंदिर से घर लौट रहे थे, तभी राजस्थान के गैंगस्टर रोहित गोधरा से जुड़े हमलावरों ने उन पर गोलियां चलाईं।

सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से पता चलता है कि बाइक सवार तीन हमलावरों ने पीछे से कार पर छह गोलियां चलाईं। वाहन में खत्री समेत पांच लोग सवार थे। हमले के दौरान संदीप नामक युवक को दो गोलियां लगीं और उनका गंगा राम अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि खत्री बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार, हमलावर बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद रोहित गोदारा कथित तौर पर विदेश से फोन पर खत्री और उनके परिवार को धमकी दे रहा है, जिसके चलते वकील ने अपने और अपने परिवार के लिए तत्काल सुरक्षा की मांग की है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक सुरक्षा प्रदान नहीं की है।

उत्तरी दिल्ली के डीसीपी राजा बंथिया ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है। 25 फरवरी को रोहित गोदारा और उसके गिरोह के अन्य सदस्यों नवीन बक्सर, राहुल फतेहपुर और सनी यामा ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में गिरोह ने कहा कि यह हमला खत्री द्वारा कथित तौर पर पुलिस को सूचना देने के बदले में किया गया था।

रोहित सोलंकी की गिरफ्तारी इस मामले में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। अधिकारी अन्य संदिग्धों की तलाश कर रहे हैं। दिल्ली और राजस्थान में सक्रिय कई गिरोहों के बीच संभावित संबंधों की भी जांच हो रही है। कानूनी विशेषज्ञों ने संगठित अपराध के हाई-प्रोफाइल मामलों को संभालने वाले वकीलों को बढ़ती धमकियों पर चिंता व्यक्त की है और कानूनी बिरादरी के सदस्यों के लिए सुरक्षा उपायों को बढ़ाने की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया है।

वहीं, साउथ ईस्ट दिल्ली पुलिस ने आपरेशन आघात के चलते 200 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को बदमाशों के पास से 10 हथियार भी बरामद किए गए। साथ ही, आपरेशन आघात के चलते 10 हजार से ज्यादा शराब की बोतलें भी बरामद की गईं।

--आईएएनएस

एसएके/पीयूष