Lawrence Bishnoi Gang: अमेरिका का ताबड़तोड़ एक्शन, 24 लोगों की गिरफ्तारी के बाद गैंग की बढ़ीं मुश्किलें, जानें पूरा मामला
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने दुनिया भर में कई अपराध किए हैं और अब इसका नाम एक बड़ी साज़िश से जोड़ा जा रहा है। जून 2023 में सरे, ब्रिटिश कोलंबिया में खालिस्तानी समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या कर दी गई थी। अमेरिकी जांच एजेंसियों का दावा है कि जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके साथी सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ ने निज्जर की हत्या का आदेश दिया था।
अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा दायर आरोप-पत्र में लॉरेंस गैंग के बारे में कई जानकारियां सामने आई हैं। न्याय विभाग ने कहा है कि भारत से जुड़े अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सिंडिकेट के खिलाफ 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' नाम का एक बड़ा ऑपरेशन चलाया गया था। इस ऑपरेशन के तहत, 37 कथित सदस्यों पर हत्या, जबरन वसूली, ड्रग तस्करी, अपहरण और गोलीबारी जैसे गंभीर अपराधों के आरोप लगाए गए हैं।
**बिल आयसाली ने क्या खुलासा किया**
जांच के दौरान, अमेरिका, कनाडा और यूरोप में 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई तीन बड़े अंतरराष्ट्रीय आपराधिक सिंडिकेट को निशाना बनाकर की गई कई सालों की संयुक्त जांच का नतीजा थी। अमेरिकी अभियोजक बिल आयसाली ने कहा कि यह गैंग हत्या, हिंसा, जबरन वसूली और ड्रग तस्करी जैसी गतिविधियों में शामिल था। उन्होंने बताया कि इन नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई विभिन्न देशों की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग से संभव हो पाई।
अमेरिकी आरोप-पत्र के अनुसार, जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई और एक अन्य आरोपी पर 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में एक प्रमुख सिख अलगाववादी नेता की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। अधिकारियों ने बताया कि कनाडा में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 11 अन्य अभी भी अमेरिका, भारत और यूरोप में फरार हैं। रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने कहा कि यह कार्रवाई कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच मजबूत अंतरराष्ट्रीय सहयोग का एक उदाहरण है।