मस्जिद में छिपा था 15 लाख का इनामी आतंकी लतीफ भट, सरेंडर के लिए वीडियो कॉल पर समझाते रहे जवान, बोला- मुझे अल्लाह से मिलना है
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी और कमांडर मोहम्मद लतीफ भट को बुधवार, 18 नवंबर को एनकाउंटर में मार गिराया। 22 साल का लतीफ कुलगाम के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपा हुआ था। वह CRPF पोस्ट पर फायरिंग करने के बाद से फरार चल रहा था। उसके सिर पर पुलिस ने 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
इस ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने लतीफ को वीडियो कॉल के जरिए सरेंडर करने का मौका भी दिया। जवानों ने उसे समझाने की कोशिश की कि वह हथियार डालकर अपनी जिंदगी बचा सकता है। एक पुलिस अधिकारी ने उससे कहा, 'हम तुम्हारे साथ हैं, जिंदगी अभी बाकी है।' इस पर लतीफ ने जवाब दिया, 'मुझे अल्लाह से मुलाकात करना है। मैं बहुत खुश हूं। सरेंडर नहीं करूंगा।' बातचीत के दौरान उसने आत्मसमर्पण करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद सुरक्षाबलों ने कार्रवाई करते हुए उसे मार गिराया।
CRPF पोस्ट पर हमले के बाद से फरार था लतीफ
सुरक्षाबलों के मुताबिक, 11 नवंबर को लतीफ भट और उसके साथी उमर निसार डार ने नौपोरा अखरान इलाके में CRPF की पोस्ट पर गोलीबारी की थी। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। वारदात के बाद दोनों आतंकी मौके से फरार हो गए थे और सुरक्षाबलों ने उनकी तलाश शुरू कर दी थी।
16 नवंबर को पुलिस और सुरक्षाबलों ने अखरान के लारू इलाके में दोनों आतंकियों को घेर लिया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ घायल होने के बावजूद वहां से भागने में कामयाब रहा। उसके पैर में गोली लगी थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया।
करीब दो दिन बाद सूचना मिली कि लतीफ देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपा हुआ है। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी की और उसे आत्मसमर्पण करने के लिए समझाया। हालांकि, उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया और आखिरकार एनकाउंटर में मारा गया।
15 लाख रुपये का इनामी था 22 साल का लतीफ
मोहम्मद लतीफ भट कुलगाम के ख्रेवां चादेर (अशमुजी) इलाके का रहने वाला था। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए पोस्टर जारी किए थे और उस पर 15 लाख रुपये का इनाम रखा था। जानकारी के मुताबिक, वह 2025 की शुरुआत में अपने घर से लापता हो गया था। परिवार ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
बाद में पाकिस्तान में बैठे आतंकी ऑपरेटिव सज्जाद गुल ने उसे लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी संगठन TRF में शामिल कराया था। लतीफ ने अशमुजी के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद उसने कुलगाम के सरकारी डिग्री कॉलेज में कुछ समय तक पढ़ाई की और फिर बढ़ई का काम करने लगा।
बताया जाता है कि उमर निसार डार ने करीब छह महीने तक लतीफ को पनाह दी थी। दोनों ने CRPF पोस्ट पर हमले से पहले कई इलाकों की रेकी भी की थी।
छह महीने में लश्कर के चार कमांडर ढेर
जम्मू-कश्मीर में पिछले छह महीनों के दौरान सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के चार कमांडरों को मार गिराया है। इनमें लतीफ भट के अलावा जाकिर अहमद गनई, यासिर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी शामिल हैं।
-
जाकिर अहमद गनई को 8 जुलाई 2026 को शोपियां में मार गिराया गया।
-
यासिर 4 सितंबर को ऑपरेशन असधर के दौरान मारा गया।
-
मूसा उर्फ आसिफ फौजी 30 सितंबर को बडगाम में ऑपरेशन शेरुवाली के दौरान ढेर हुआ।
-
अब 18 नवंबर को लतीफ भट को सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में मार गिराया।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों को जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
CRPF पोस्ट की रेकी करते CCTV में दिखे थे दोनों आतंकी
इससे पहले CRPF पोस्ट पर हमले में शामिल लतीफ भट और उमर निसार डार का CCTV फुटेज भी सामने आया था। करीब 56 सेकेंड के इस वीडियो में दोनों आतंकी एक टैक्सी से उतरते और CRPF कैंप की तरफ जाते दिखाई दिए थे। फुटेज में पहले लतीफ और उसके बाद उमर टैक्सी से उतरता नजर आया। बताया गया कि दोनों ने हमले से पहले कैंप की रेकी की थी।इस फुटेज के सामने आने के बाद सुरक्षाबलों को हमले में शामिल आतंकियों की गतिविधियों से जुड़ी अहम जानकारी मिली थी। अब दोनों आतंकी अलग-अलग मुठभेड़ों में मारे जा चुके हैं।