×

शोपियां एनकाउंटर में लश्कर का टॉप कमांडर जाकिर गनी ढेर, वीडियो में जाने पहलगाम हमले के बाद जारी आतंकियों की सूची में था शामिल

 

जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर जाकिर अहमद गनी को मार गिराया गया है। बुधवार को सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन स्थल से जाकिर गनी का शव बरामद किया। बताया जा रहा है कि वह सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची में शामिल था।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/s0M1op4D20c?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/s0M1op4D20c/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद शनिवार शाम शोपियां के चनापोरा इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कई दिनों तक चले इस अभियान के पांचवें दिन सुरक्षाबलों ने जाकिर गनी को ढेर कर दिया। ऑपरेशन के दौरान एक अन्य आतंकी लतीफ भट के भी इलाके में छिपे होने की आशंका जताई जा रही है। उसकी तलाश के लिए अभियान जारी है।

संयुक्त ऑपरेशन में मिली सफलता

जाकिर गनी के खिलाफ चलाए गए इस अभियान को जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। ऑपरेशन में जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), सेना की राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और CRPF की टीमें शामिल थीं।

सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। अधिकारियों के मुताबिक, ऑपरेशन के दौरान आतंकियों की ओर से गोलीबारी की गई, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद जारी सूची में था नाम

जाकिर अहमद गनी का नाम उन 14 आतंकियों की सूची में शामिल था, जिसे पहलगाम आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जारी किया था। एजेंसियों को लंबे समय से उसकी तलाश थी। सुरक्षाबलों के अनुसार, वह लश्कर-ए-तैयबा के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा था और इलाके में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने में शामिल था।

सुरक्षा एजेंसियां अब उसके नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य आतंकियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई हैं। अधिकारियों का मानना है कि जाकिर गनी के मारे जाने से लश्कर के स्थानीय नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

इलाके में तलाशी अभियान जारी

मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। आशंका है कि कुछ अन्य आतंकी आसपास के क्षेत्रों में छिपे हो सकते हैं। सुरक्षा को देखते हुए चनापोरा और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है।

जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान लगातार जारी है। सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि आतंकी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी खतरे को खत्म करने के लिए ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे।