वायनाड में भारी बारिश से लैंडस्लाइड, फुटेज में देंखे 2 की मौत; टनल प्रोजेक्ट के पास मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका
केरल के वायनाड जिले में मंगलवार सुबह हुई भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। तेज बारिश के कारण हुए भूस्खलन (लैंडस्लाइड) में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। प्रशासन को आशंका है कि अभी भी कई लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।यह हादसा वायना ड के कल्लाडी इलाके में स्थित मीनाक्षी ब्रिज के पास हुआ, जहां मलप्पुरम-वायनाड टनल परियोजना का निर्माण कार्य चल रहा है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने मौके पर राहत दलों को तैनात कर दिया।
टनल प्रोजेक्ट के पास खिसकी मिट्टी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टनल निर्माण के दौरान सुरंग से निकाली गई बड़ी मात्रा में मिट्टी को बाहर एक स्थान पर जमा किया गया था। लगातार हो रही बारिश के कारण यह मिट्टी अचानक खिसक गई और देखते ही देखते भारी मलबा नीचे की ओर बहने लगा।मलबे के तेज बहाव से कई पेड़ जड़ से उखड़ गए और निर्माण स्थल पर लगाए गए बैरिकेड भी बह गए। आसपास मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
CCTV में कैद हुआ हादसा
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें लैंडस्लाइड का भयावह मंजर साफ दिखाई देता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सुबह करीब 11:15 बजे सुरंग की ओर से तेज रफ्तार के साथ मिट्टी और मलबे का सैलाब आता है।इस दौरान वहां खड़ा एक टैंकर मलबे के तेज बहाव में तिनके की तरह बह जाता है। हादसे के समय दो लोग मलबे की चपेट में आ गए, जिन्हें बाहर निकालने के लिए तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया।
पुलिस और NDRF चला रही रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।मलबा हटाने के लिए कई जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है। बचावकर्मी मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
भारी बारिश के चलते बढ़ा खतरा
लगातार हो रही बारिश के कारण बचाव कार्य में भी दिक्कतें आ रही हैं। प्रशासन ने आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और अनावश्यक रूप से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में न जाने की अपील की है।फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है कि टनल परियोजना के दौरान मिट्टी के भंडारण और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। साथ ही, मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए राहत अभियान लगातार जारी है।