लाल सागर में नौका हमले की घटना में सभी 14 भारतीय नागरिक सुरक्षित : भारतीय दूतावास
यमन, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। सऊदी अरब के लाल सागर के दक्षिणी हिस्से में हमले की शिकार हुई एक नौका में सवार 14 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। यमन में भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यमन में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''सभी 14 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं और यमन में होदेदाह के आसपास मौजूद हैं। हम उनकी सलामती सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम करते रहेंगे।''
यमन के हूती विद्रोहियों ने गुरुवार को दावा किया कि सऊदी अरब ने लाल सागर के दक्षिणी हिस्से में जुकर द्वीप के पास 14 भारतीय नागरिकों को ले जा रही एक नौका को निशाना बनाया। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारेया के मुताबिक, यमन के सशस्त्र बल नौका पर सवार लोगों को बचाने के अभियान में जुटे।
सारेया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए कहा, "शुरुआती जानकारी के अनुसार, सऊदी अरब ने जुकर द्वीप के पास भारतीय नागरिकों को ले जा रही नौका को निशाना बनाया। यमन के सशस्त्र बल बचाव अभियान चला रहे हैं।"
यह घटनाक्रम सऊदी अरब में दम्माम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार रात हुए हमले के एक दिन बाद सामने आया है। भारतीय दूतावास ने गुरुवार को बताया कि इस हमले में मारे गए दो लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था, जबकि दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हुए हैं।
दूतावास ने एक्स पोस्ट में कहा, "सऊदी अधिकारियों ने हमले में भारतीय नागरिक की मौत और दो अन्य भारतीयों के घायल होने की जानकारी दी है। हम घटना से जुड़ी अधिक जानकारी जुटा रहे हैं और पीड़ित परिवारों के संपर्क में हैं।" उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
भारत ने गुरुवार को सऊदी अरब में नागरिक और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर लगातार हो रहे हमलों की कड़ी निंदा की। विदेश मंत्रालय ने दम्माम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और सऊदी अरामको के पूर्वी प्रांत स्थित शैबह तेल क्षेत्र पर 21 अक्टूबर को हुए हमलों का विशेष रूप से उल्लेख किया।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि रियाद में भारतीय दूतावास सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और हर संभव मदद मुहैया कराएगा। मंत्रालय ने सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के मामले में भारत के समर्थन को दोहराया।
बयान में कहा गया, "हम एक बार फिर दोहराते हैं कि आम नागरिकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हमले पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं और इन्हें तुरंत रोका जाना चाहिए। हम सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के लिए वहां की जनता और सरकार के साथ खड़े हैं, और उम्मीद करते हैं कि इस क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी।"
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम