×

पुंछ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लाखों की चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार

 

श्रीनगर, 29 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर की पुंछ जिला पुलिस ने चोरी का एक मामला सुलझाते हुए चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इसी के साथ पुलिस ने आरोपी के पास से लाखों का चोरी का सामान बरामद किया है।

दरअसल, संपत्ति से जुड़े अपराधों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए, पुंछ जिला पुलिस ने सुरांककोट पुलिस स्टेशन में दर्ज चोरी के एक मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने इसमें शामिल चोर को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से लाखों रुपए की कीमत का चोरी हुआ सामान बरामद किया गया है।

चोरी की यह घटना 19/20 अगस्त 2026 की रात को सुरांककोट के वार्ड नंबर 8, समोट निवासी शौकत अली के बेटे साहिर अली की दुकान में हुई थी। इस घटना में नकदी और अन्य कीमती सामान सहित कई चीजें चोरी हो गईं, जिससे दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। इस संबंध में सुरांककोट पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई और मामले की जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान, पुलिस टीम ने लगातार और पेशेवर प्रयासों से चोर की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। चोर की पहचान जफर इकबाल (निवासी डुंधक, सुरांककोट) के रूप में हुई है। उसकी पूछताछ और आगे की जांच के आधार पर लाखों रुपए का चोरी हुआ सामान बरामद किया गया है।

बरामद सामान में दुकान से चोरी हुई कई चीजें शामिल हैं। वहीं, चोरी के तरीके का पूरा पता लगाने, किसी संभावित साथी की पहचान करने और सामान बरामद करने के लिए आगे की जांच जारी है।

पुंछ जिला पुलिस चोरी और संपत्ति से जुड़े अन्य अपराधों को रोकने तथा आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी के साथ पुलिस ने जनता से भी आग्रह किया है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम