ला लीगा: 4 मैचों के लिए सस्पेंड किए गए विनीसियस का कोच मोरिन्हो ने किया बचाव
मैड्रिड, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। रियल मैड्रिड फुटबॉल क्लब के कोच जोस मोरिन्हो ने शनिवार को विनीसियस जूनियर का बचाव किया है। ब्राजील के फॉरवर्ड खिलाड़ी विनीसियस को पिछले सप्ताहांत विलारियल के खिलाफ मैच के दौरान बाहर किए जाने के बाद अब चार मैचों के सस्पेंशन का सामना करना पड़ रहा है।
रियल मैड्रिड की 1-0 की जीत के दौरान विनीसियस ने विलारियल के मिडफील्डर नाथन सालिबा के बाल खींच लिए थे। इस घटना के लिए उन्हें दो मैचों का सस्पेंशन मिला, और रेफरी के फैसले का विरोध करने के लिए दो और मैचों का सस्पेंशन दिया गया। रविवार को सेविला के खिलाफ होने वाले ला लीगा होम मैच से पहले मोरिन्हो ने कहा, "वह एक शानदार इंसान है, और उनके साथ अच्छे संबंध रखना बहुत आसान है। मैं हर दिन उसके साथ कुछ समय अकेले बिताता हूं। मैं उनकी बहुत कद्र करता हूं, क्योंकि वह हमेशा मुस्कुराते हुए अपनी जिंदगी में आगे बढ़ते रहते हैं और मुश्किलों को झेल लेते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "अगर मैं उनकी जगह होता, तो शायद यहां नहीं रुकता। मैं क्लब पर दबाव डालता कि मुझे किसी ऐसे देश जाने दें जहां मेरा सम्मान हो। हालांकि, वह यहां रुके हुए हैं, क्योंकि वह रियल मैड्रिड से जुड़ाव महसूस करते हैं और क्लब से प्यार करते हैं।" पुर्तगाली कोच ने इस बात को भी ज्यादा अहमियत नहीं दी कि बुधवार को रोमा के खिलाफ चैंपियंस लीग में रियल मैड्रिड की 4-3 की रोमांचक जीत में विनीसियस को बाहर करना निर्णायक साबित हुआ। विनीसियस की जगह एंड्रिक को मैदान पर उतारा गया था, जिन्होंने मैच का पासा पलटने में अहम भूमिका निभाई। उनके आने के बाद रियल मैड्रिड ने अंत में तीन गोल करके शानदार वापसी की।
मोरिन्हो ने बताया कि उन्होंने मैच के दौरान पांच बदलाव किए थे, और जोर देकर कहा कि खिलाड़ियों को बदलना फुटबॉल का ही एक हिस्सा है। रियल मैड्रिड के कोच ने सेविला के खिलाफ अपनी शुरुआती लाइनअप के बारे में कोई खास संकेत नहीं दिए, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनकी टीम में जगह बनाने के लिए खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा है। उन्होंने कहा, "ऐसे कई खिलाड़ी हैं जो खेलने के हकदार हैं। सिर्फ 11 ही नहीं, बल्कि 15 या 16 खिलाड़ी।"
इससे पहले, विनीसियस ने ला लीगा की आलोचना की थी, क्योंकि उन्होंने रोमा के खिलाफ यूईएफए चैंपियंस लीग मैच से ठीक दो घंटे पहले ही उनके चार मैचों के घरेलू सस्पेंशन की घोषणा कर दी थी। 'गोल डॉट कॉम' के अनुसार, विनीसियस ने कहा, "मुझे इसके बारे में स्टेडियम में ही पता चला। मुझे लगता है कि यह प्रतिबंध गलत समय पर लगा है। उनके पास निलंबन की घोषणा करने के लिए पूरा दिन था, लेकिन जैसे ही मैं स्टेडियम पहुंचा, मुझे संदेश मिला कि मैं ला लीगा के चार मैचों में नहीं खेल पाऊंगा।"
इस फॉरवर्ड खिलाड़ी ने अनुशासनात्मक नियमों को लेकर जानकारी के अभाव पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि खिलाड़ियों को उस नियम के बारे में ठीक से नहीं बताया गया था, जिसके कारण उन्हें निलंबित किया गया है। उन्होंने आगे कहा, "मुझे समझ नहीं आ रहा कि ऐसा क्यों हुआ। सच तो यह है कि यह नियम नया है। हमें इसके बारे में कभी नहीं बताया गया। ला लीगा या रेफरी से जुड़ी संस्था की ओर से कोई न कोई हमेशा हमें नए नियमों के बारे में समझाने आता है। मगर इस बार, इस खास नियम के बारे में हमें किसी ने नहीं बताया।"
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी