×

क्योंझर की घटना ने वैश्विक स्तर पर ओडिशा की छवि धूमिल की : नवीन पटनायक

 

क्योंझर (ओडिशा) 30 अप्रैल (आईएएनएस)। ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने क्योंझर की घटना के संदर्भ में कहा कि इससे वैश्विक स्तर पर हमारे राज्य की छवि धूमिल हुई है।

उन्होंने कहा कि हम इस तरह की स्थिति को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं कर सकते हैं। ध्यान देने वाली बात है कि इस तरह की घटना मुख्यमंत्री के गृह जिले से सामने आई है। इस वजह से यह मामला हमारे लिए और ज्यादा चिंताजनक हो जाता है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस तरह की घटना ऐसे वक्त में सामने आई है, जब हम लोग सदन में महिलाओं से जुड़े मुद्दे पर चर्चा कर रहे हैं। हम इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि कैसे महिलाओं को सशक्त और समृद्ध करने की दिशा में कदम बढ़ाए। हम इस संबंध में पूरी रूपरेखा निर्धारित करके उसे जमीन पर उतारने की दिशा में काम कर रहे हैं। लेकिन, ऐसे में इस तरह का मामला प्रकाश में आ रहा है। इससे राज्य की छवि वैश्विक स्तर पर प्रभावित हो रही है।

इसके अलावा, उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि बीजू जनता दल ने हमेशा से ही महिलाओं के सशक्तिकरण पर ध्यान दिया। हमने कभी-भी महिलाओं की समृद्धि से कोई समझौता नहीं किया। यही नहीं, हमने महिला आरक्षण का समर्थन किया। हमने इस बात को समझा है कि अगर महिलाओं को सही मायने में सशक्त करना चाहते हैं, तो इसके लिए हमें उन्हें आरक्षण देना होगा। लेकिन, जिस तरह से इस कानून को पेश किया गया, जिस तरह से इस पर चर्चा की गई, इतिहास उस रवैये हमेशा याद रखेगा।

बता दें कि ओडिशा के क्योंझर में आदिवासी व्यक्ति जीतू मुंडा को अपनी मृतक बहन के खाते से 19 हजार 300 रुपये निकालने थे। वहीं, मृत्यु प्रमाणपत्र सहित कुछ अन्य कागजातों के अभाव में बैंक वाले जीतू को पैसा देने से मना कर रहे थे। अंत में जीतू इस कदर व्यथित हो गया कि वो अपनी बहन का कंकाल लेकर बैंक पहुंच गया, ताकि बैंक वालों को यह विश्वास हो सके कि उसकी बहन सच में मर चुकी है। वहीं, जब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, तो लोगों का इसकी तरफ ध्यान गया। इतना ही नहीं, मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में भी पहुंचा। इसके बाद जीतू को आर्थिक सहायता दी गई और उसकी बहन के नाम का मृत्यु प्रमाणपत्र भी जारी किया गया, ताकि आगे चलकर उसे किसी भी कागजी कार्रवाई में कोई दिक्कत नहीं हो।

--आईएएनएस

एसएचके/पीएम