×

क्यों ईसाइयों के लिए खास है गुड फ्राइडे और ईस्टर संडे, शांति और मानवता के हैं प्रतीक

 

नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। अप्रैल का महीना ईसाइयों के लिए पवित्र माना जाता है, क्योंकि यह महीना गुड फ्राइडे और ईस्टर के उत्सव का प्रतीक है।

इस दौरान, कैथोलिक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों और प्रथाओं में भाग लेते हैं जो उनके विश्वास को गहरा करने और उनकी आध्यात्मिक मान्यताओं से जुड़ने में सहायक होते हैं।

अप्रैल के महीने की शुरूआत ही गुड-फ्राइडे के साथ होती है, जो इस बार 3 अप्रैल को मनाया जाएगा। यह दिन सभी ईसाइयों के लिए बेहद खास और पवित्र होता है क्योंकि इसी दिन यीशु मसीह को क्रॉस (सूली) पर चढ़ाया गया था। यीशु मसीह का यह कदम मानवता को पापों से मुक्ति दिलाने के लिए था। माना जाता है कि यीशु मसीह ने मानव जाति के पापों को दूर करने और लोगों को ईश्वर के मार्ग पर ले जाने के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया था।

इस दिन चर्च बिल्कुल शांत होते हैं और सिर्फ प्रार्थनाएं और गहन चिंतन किया जाता है। यह दिन ईसाई धर्म की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा होता है, जहां उन्होंने अपने ईश्वर को खोया है। उनके बलिदान को याद करते हुए ईसाई समुदाय के लोग शांति और प्रार्थनाओं के साथ गुड फ्राइडे मनाते हैं। माना जाता है कि दोपहर के 12 बजे से 3 बजे के बीच यीशु मसीह को क्रॉस पर लटकाया गया था और इसी समय उन्होंने सबसे अधिक पीड़ा सही थी। इस समय चर्च और घरों में शांति से उनकी पीड़ा को कम करने के लिए प्रार्थना की जाती है।

गुड फ्राइडे के दो दिन बाद ईस्टर संडे सेलिब्रेट किया जाता है। इस बार ईस्टर संडे 5 अप्रैल को मनाया जाने वाला है। माना जाता है कि गुड फ्राइडे के तीसरे दिन यीशु मसीह पुर्नजीवत हो गए थे। यह दिन ईसाइयों के लिए नई आशा और उम्मीद का दिन होता है, जिसमें अच्छाई और सच्चाई को सर्वोपरि माना गया। ईस्टर संडे का दिन बुराई पर अच्छाई की जीत के तौर पर भी मनाया जाता है। इस दिन चर्च से लेकर लोगों के घर गुब्बारों और लाइटों से सज जाते हैं। चर्च में यीशु मसीह के पुर्नजीवित होने की खुशी में विशेष अनुष्ठान किए जाते हैं। लोग मोमबत्ती और मीठी वस्तुएं लेकर चर्च जाते हैं और प्रार्थना करने के बाद अपनों के साथ नई आशा की खुशी मनाते हैं।

--आईएएनएस

पीएस/डीएससी