☰
×

कुशीनगर में दिल्ली से बिहार जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, बच्चे समेत 3 की मौत

 

कुशीनगर, 7 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। दिल्ली से बिहार जा रही एक यात्री बस लबनिया चौराहे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल और कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने सबसे पहले घायलों को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और क्षतिग्रस्त बस को हटवाया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

कुशीनगर मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी एवं ट्रॉमा प्रभारी डॉ. पुष्कर पाठक ने घायलों और मृतकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में कुल चार लोग लाए गए थे। इनमें से एक व्यक्ति अज्ञात था, जिसे ब्रॉट डेड लाया गया था। शव को पोस्टमार्टम हाउस में रख दिया गया है। दो गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया है।

डॉ. पाठक ने बताया कि सात साल की एक बच्ची आकृति कुशवाहा का इलाज कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में ही चल रहा है। उसकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि उनके यहां अभी एक ही ब्रॉट डेड आया है, लेकिन जानकारी मिली है कि दो और लोगों की मौत हुई है, जिन्हें सीएचसी से सीधे मोर्चरी हाउस लाया गया होगा। इस तरह इस हादसे में कुल तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक के नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, जांच के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आ सकेगी।

गौरतलब है कि इससे पहले बीते रविवार को भी कुशीनगर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरुडीह गांव के पास एक वैन के ट्रेलर से टकरा जाने से छह लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मृतकों में से पांच लोग एक ही परिवार के थे, जो किसी कार्यक्रम से लौट रहे थे। उस हादसे के बाद भी जिले में शोक का माहौल था और अब एक सप्ताह के भीतर ही दूसरा बड़ा हादसा हो गया।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस